लखनऊ: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी ने ऐसा बयान दे दिया है, जिससे विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर लोग अफजाल अंसारी को ट्रोल कर रहे हैं. उधर पुलिस के द्वारा अफजाल अंसारी पर एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है. दरअसल, शादियाबाद में संत रिवदास जयंती के मौके पर अफजाल असंरी एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे. जहां उन्होंने महाकुंभ पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मान्यता है कि संगम तट पर नहाकर व्यक्ति का पाप धुल जाता है. अर्थात सारा पाप धुल जाएगा तो आगे बैकुंठ में जाने का रास्ता भी खुल जाएगा. अफजाल अंसारी यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि अभी जो भीड़ देखने को मिल रही उसे लगता है कि अब नर्क में कोई बचेगा ही नहीं और उधर (स्वर्ग में) हाउसफुल हो जाएगा.
रेलवे पर भी उठाए सवाल
गाजीपुर सांसद आगे कहते हैं कि हालत यह है कि भीड़ में शामिल लोग ट्रेनों में लगे शीशे तोड़ रहे हैं. एसी कोच को भी निशाना बनाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मैंने अपनी आंखों से देखा है कि जो तोड़फोड़ करने वाले हैं उनकी उम्र महज 15 से 20 साल है. शीशा टूटता देख अंदर औरतें कांप रही थी. बच्चों को गोद में छिपाकर रो रहीं थी, बिलख रहीं थी. सांसद ने कहा कि इतना ही नहीं पुलिस वाले भी परेशान हैं. टीटी अपना काला कोट निकाल कर रख दिया है. उन्हें डर है कि कहीं कोई उसकी पिटाई न कर दे.
भगदड़ को लेकर दिया बयान
महाकुंभ में भगदड़ को लेकर भी सांसद अफजाल अंसारी ने सरकार पर निशाना साधा है. मौत के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि भगदड़ में कितने लोगों की जान गई है, अभी तक कुछ नहीं पता चला है. सरकार आजतक सही गिनती नहीं बता पाई है. जबकि जो लोग लौटकर आ गए हैं, वह मौत का मंजर बयान कर रहे हैं. बता दें कि 29 जनवरी की रात मौनी अमावस्या पर महाकुंभ में भगदड़ मच गई थी, जिसमें कई लोगों की मौत हो गई थी और कई लोग घायल भी हो गए थे. हालांकि भगदड़ के बाद सरकार ने जरूरी कदम उठाए हैं.