भोपाल : मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीजेपी के मुंह से यह सीट छीन ली. कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की. यह सीट पूरे चुनाव के दौरान हाई-प्रोफाइल बनी रही और परिणाम ने प्रदेश की राजनीति में बड़ा संदेश दिया.
मतगणना के शुरुआती राउंड में भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन राउंड दर राउंड कांग्रेस ने बढ़त हासिल कर ली. दोपहर बाद घनश्याम सिंह की बढ़त लगातार बढ़ती गई और आखिरकार उन्होंने 6,016 वोटों के अंतर से जीत दर्ज कर ली. उन्हें 66757 वोट मिले. आशुतोष तिवारी को 60741 वोट मिले. आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के उम्मीदवार दामोदर यादव तीसरे स्थान पर रहे. उन्हें 22527 वोट मिले.
यह उपचुनाव 30 जुलाई को हुआ था, जिसमें 71.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. चुनाव आयोग के अनुसार मुकाबले में कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन मुख्य लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच ही रही. यह उपचुनाव कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया गया था.
इस सीट पर भाजपा ने पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा की जगह नए चेहरे आशुतोष तिवारी को मैदान में उतारा था. वहीं, कांग्रेस ने घनश्याम सिंह पर भरोसा जताया और पार्टी का यह दांव सफल साबित हुआ. चुनाव नतीजे के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया, जबकि भाजपा खेमे में हार के कारणों पर मंथन शुरू हो गया.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दतिया का यह परिणाम आने वाले चुनावों से पहले कांग्रेस के लिए बड़ा मनोबल बढ़ाने वाला साबित हो सकता है.