केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) के द्वारा गिरफ्तार किए जाने को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर से दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है और अपनी गिरफ्तारी को गलत बताया है. बता दें कि CBI ने दिल्ली के सीएम को कथित शराब घोटाले के मामले में लंबी पूछताछ के बाद तिहाड़ जेल से गिरफ्तार कर लिया था. वहीं अब अरविंद केजरीवाल ने अपनी गिरफ्तारी और केंद्रीय जांच ब्यूरो की रिमांड को उच्चा न्यायालय में चुनौती दी है.
बताते चलें कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद 29 जून को CBI ने केजरीवाल को राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया था और 14 दिन की न्यायिक हिरासत की मांग की थी. सुनवाई के दौरान सीबीआई ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं और सवालों को जान-बूझकर घुमा फिरा रहे हैं, जिसके बाद कोर्ट ने केजरीवाल को 14 दिनों के रिमांड पर भेज दिया था.
अरविंद केजरीवाल फिलहाल दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं. केजरीवाल को सीबीआई ने 26 जून को गिरफ्तार किया था और अगले दिन कोर्ट में पेश किया था. कोर्ट ने उन्हें तीन दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया था. वहीं रिमांड अवधि खत्म होने के बाद उन्हें फिर से 29 जून को अदालत में पेश किया गया था. ज्ञात रहे कि पहली बार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था.
इसी बीच आम आदमीप पार्टी (AAP) के साथ संजय सिंह ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के निर्देश पर ही सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार किया है, जबकि राउज एवेन्यू कोर्ट ने पहले ही कह दिया है कि ईडी के पास केजरीवाल के खिलाफ केस से जुड़े कोई साक्ष्य नहीं है.
AAP नेता संजय ने कहा है कि ईडी के पास दिल्ली सीएम के खिलाफ कोई मनी ट्रेल नहीं है, कोई सबूत नहीं है, किसी भी प्रकार के पैसों की रिकवरी नहीं हुई है, फिर भी उन्हें आरोपी बनाया गया है. अरविंद केजरीवाल बिल्कुल निर्दोश हैं. उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की सह पर गिरफ्तार किया गया है.