जेल में सरेंडर करने से पहले राजघाट और फिर हनुमान मंदिर पहुंचे केजरीवाल, अब जाएंगे पार्टी ऑफिस

Global Bharat 02 Jun 2024 03:59: PM 1 Mins
जेल में सरेंडर करने से पहले राजघाट और फिर हनुमान मंदिर पहुंचे केजरीवाल, अब जाएंगे पार्टी ऑफिस

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रविवार को तिहाड़ जेल में सरेंडर करने से पहले राजघाट पहुंचे. यहां उन्होंने महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित किए. वे यहां से कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर भी गए. बता दें कि सुप्रीम कोर्ट से मिली 21 दिन की अंतरिम जमानत की अवधि खत्म होने के बाद आज अरविंद केजरीवाल तिहाड़ जेल के अधिकारियों के सामने सरेंडर करेंगे.

सीएम अरविंद केजरीवाल ने मंदिर में हनुमान जी के दर्शन कर पूजा अर्चना की. इसके बाद मुख्यमंत्री आम आदमी पार्टी के कार्यालय पहुंचेंगे. यहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करेंगे. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को कहा कि वह राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि और कनॉट प्लेस में हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद दिन में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करेंगे.

इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने 'x' पर एक पोस्ट कर लिखा कि माननीय सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर मैं 21 दिनों के लिए चुनाव प्रचार के लिए जेल से बाहर आया था. माननीय सुप्रीम कोर्ट का बहुत-बहुत धन्यवाद, आज मैं तिहाड़ जाकर सरेंडर करूंगा. दोपहर 3 बजे घर से निकलूंगा.

उन्होंने लिखा था कि सबसे पहले मैं राजघाट जाऊंगा और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करूंगा. वहां से मैं हनुमान जी का आशीर्वाद लेने के लिए कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाऊंगा. फिर वहां से मैं पार्टी कार्यालय जाऊंगा और कार्यकर्ताओं और पार्टी नेताओं से मिलूंगा. वहां से मैं तिहाड़ के लिए रवाना हो जाऊंगा. 

ज्ञात रहे कि केजरीवाल को दिल्ली शराब घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा दी गई अंतरिम जमानत पर 10 मई को जेल से रिहा किया गया था. चुनाव 1 जून को समाप्त हो गए. अब उसे जेल जाना होगा.
 

Recent News