नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन और उसके बाद सामने आई हिंसा की घटनाओं के बीच सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट साझा किए जाने के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड किए गए ऐसे पोस्ट, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट की पहचान की जा रही है, जिन्हें कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाला या भड़काऊ माना गया है.
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान कई ऐसे अकाउंट और पोस्ट चिन्हित किए गए हैं, जिनमें कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है. इसके बाद संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस जारी कर ऐसे कंटेंट को हटाने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, इन पोस्ट को साझा करने वाले अकाउंट्स की जानकारी भी मांगी गई है ताकि आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके.
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच साइबर विशेषज्ञों की मदद से की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि विवादित पोस्ट किस स्थान से अपलोड किए गए तथा उनके पीछे कौन लोग शामिल हैं. यदि जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है और कानून के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो उसके खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें. पुलिस ने कहा कि अफवाह फैलाने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले कंटेंट पर लगातार नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी और आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.