नई दिल्ली: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के धरने के बाद दिल्ली पुलिस ने आखिरकार पैलेट गन मामले में FIR दर्ज कर ली है. पीड़ित साहिल लोचब की शिकायत पर यह कार्रवाई हुई है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित तौर पर पैलेट गन के इस्तेमाल के मामले में FIR दर्ज की गई है. इस मामले में किसी को नामजद नहीं किया गया है, यानी अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ है.
क्या हुआ था?
शुक्रवार को राहुल गांधी साहिल लोचब, उनके परिवार के सदस्यों और वकीलों के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे थे. उन्होंने FIR दर्ज करने और जांच अधिकारी (IO) का नंबर उपलब्ध कराने की मांग की. राहुल ने साफ कहा था कि जब तक 19 वर्षीय साहिल लोचब पर हुए पैलेट गन इस्तेमाल के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं होती, वे वहां से नहीं हटेंगे.
राहुल गांधी के साथ उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे. उन्होंने आरोप लगाया था कि 20 जुलाई को कनॉट प्लेस में छात्रों पर पेलेट गन का इस्तेमाल हुआ और उनके पास इसके प्रमाण हैं. इसलिए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.
पुलिस का रुख
इससे पहले पुलिस का कहना था कि शिकायत ली जा चुकी है और 20 जुलाई को दर्ज सभी मामलों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. सुप्रीम कोर्ट ने भी इस मामले में हाई-पावर्ड कमेटी गठित की है. राहुल गांधी के धरने के दबाव में अब FIR दर्ज कर दी गई है.
यह घटना 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ी है. विपक्ष लगातार पेलेट गन के इस्तेमाल का आरोप लगा रहा था, जबकि पुलिस इससे इनकार करती रही थी. अब FIR दर्ज होने के बाद जांच आगे बढ़ेगी.