नई दिल्ली: अप्रैल का महीना शुरू होते आसमान ने भी आग बरसाना शुरू कर दिया है. महीने की शुरूआत होते ही मौसम ने अपना रंग बदलना शुरू कर दिया है. दिल्ली के अंदर मंगलवार की रात सबसे गर्म रात के तौर पर दर्ज की गई. इस रात का तापमान न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा. ये जानकारी खुद मौसम विभाग ने साझा की है.सिर्फ इतना ही नहीं मौसम विभाग ने दिल्ली और उसके आस-पास के इलाकों में लू का अलर्ट भी जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली का अधिकतम तापमान जल्दी ही और भी ऊपर जा सकता है, जिसकी वजह से येलो अलर्ट जारी किया गया है.
कई राज्यों में बरस रही आग
गर्मी के हालात सिर्फ दिल्ली में ही नहीं हैं. बल्कि दिल्ली के अलावा कई राज्य ऐसे हैं जहां गर्मी ने अभी से सताना शुरू कर दिया है. जिनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और राजस्थान मुख्य तौर से शामिल हैं. इनमें से राजस्थान के 20 जिलों में तो हीटवेब को लेकर अलर्ट भी जारी किया गया है.
राजस्थान के इन 20 जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग ने राजस्थान के 20 जिलों में हीटवेव की वजह से यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में हनुमानगढ़, बीकानेर, चुरू, नागौर, सीकर, अलवर, जयपुर, पाली, दौसा, बूंदी, झालावाड़, भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, टोंक, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बारां, कोटा जिला शामिल हैं, जबकि श्री गंगानगर और झुंझुनू में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.