मल्लिकार्जुन खड़गे बनेंगे मुख्यमंत्री? इस राज्य में बढ़ी हलचल!

Global Bharat 05 Sep 2024 06:48: PM 2 Mins
मल्लिकार्जुन खड़गे बनेंगे मुख्यमंत्री? इस राज्य में बढ़ी हलचल!

राजनीतिक हलकों में चर्चा चल रही है कि जल्द ही कांग्रेस शासित एक राज्य में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. ऐसा दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस यहां पर अपने वर्तमान मुख्यमंत्री को बदल सकती है और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे या किसी और को को मुख्यमंत्री बना सकती है. इस दावे में कितनी सच्चाई है? यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन एक बात तो तय है कि भाजपा की तरह कांग्रेस भी मुख्यमंत्री बदलने की राह पर चल सकती है.

दरअसल, दक्षिण के राज्य कर्नाटक में चर्चा चल रही है कि यहां पर जल्द ही मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को लेकर कांग्रेस बड़ा फैसला ले सकती है और विकल्प के तौर पर मल्लिकार्जुन खड़गे को यहां पर मुख्यमंत्री बना सकती है. हालांकि आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से इसे लेकर अभी कुछ नहीं कहा गया है. सूत्रों ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री बदलने को लेकर कांग्रेस आलाकमान लगातार सक्रिया नजर आ रहा है.

गौरतलब हो कि MUDA मामले को लेकर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को बीजेपी लगातार घेर रही है. एक अंग्रेजी अखबार में छपी रिपोर्ट से पता चलता है कि कांग्रेस आलाकमान MUDA विवाद से बचने के लिए मुख्यमंत्री बदलने की योजना पर काम कर रही है. क्योंकि बीजेपी लगातार सीएम पर निशाना साध रही है और सिद्धारमैया को बदलने की बात कर रही है. अखबार की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि हालांकि कांग्रेस पार्टी की ओर से अभी तक यह फैसला नहीं लिया गया है कि सिद्धारमैया की जगह किसे मुख्यमंत्री बनाया जाए.

रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कांग्रेस उप मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लेकर विचार कर रही है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री के लिए उप मुख्यमंत्री डीके शिव कुमार का नाम सबसे आगे चल रहा है, लेकिन पार्टी आलाकमान जातिगत समीकरण साधने के लिए किसी पिछड़ा वर्ग चेहरे पर दांव लगा सकता है और इसे लेकर खड़के के नाम को भी आगे बढ़ाया जा रहा है.

रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि कांग्रेस के कुछ नेता पीडब्ल्यूडी मंत्री सतीश जरकिहोली के नाम की भी चर्चा कर रहे हैं. खबर है कि इन सभी नामों के बीच सतीश जरकिहोली दिल्ली का दौरा भी कर चुके हैं. अखबार की रिपोर्ट में कुछ कांग्रेसी नेताओं के हवाले से दावा किया गया है कि अगर पार्टी मुख्यमंत्री सिद्धारमैया से बात करती है तो वह भी सतीश जरकिहोली की नाम पर सहमत होंगे.

पार्टी सूत्रों ने दावा किया है कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी राज्य की राजनीति पर नजर रख रहे हैं और सतीश जरकिहोली के नाम को लेकर प्रमुख नेताओं से बातचीत कर चुके हैं. दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस के प्रमुख नेताओं ने राज्य के गृह मंत्री डॉ. जी परमेश्वरा से भी इस मुद्दे पर बातचीत कर चुके हैं.

Recent News