Lucknow Neighbor Murder: लखनऊ के महानगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 11 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. गली नंबर-1 में दो पड़ोसियों के बीच छोटी सी बात को लेकर झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति ने गुस्से में अपनी कार दूसरे पर चढ़ा दी. इसकी चपेट में आने वाला युवक मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई.
मृतक की पहचान अजहुर के रूप में हुई है. आरोप है कि आरोपी अनिल कुमार नशे की हालत में था. विवाद के दौरान उसने अजहुर को अपनी तेज रफ्तार कार से कुचल दिया. घटना इतनी अचानक और भयानक थी कि आसपास के लोग स्तब्ध रह गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे मृत घोषित कर चुके थे.
परिवार पर छाया मातम
अजहुर की मौत की खबर सुनकर पूरा परिवार टूट गया. उसकी मां और अन्य सदस्य रो-रोकर बुरा हाल हैं. इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए. पुलिस ने मामले में तुरंत संज्ञान लिया. महानगर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह घटना अचानक गुस्से में हुई या पुरानी किसी रंजिश का नतीजा है.
डीसीपी सेंट्रल जोन ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोपी अनिल कुमार मौके से फरार है. पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है. इलाके के लोग आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और घटना को लेकर काफी आक्रोश व्याप्त है.