चेन्नई: तमिलनाडु में सियासी तूफान आ गया है. DMK विधायक अनिता आर राधाकृष्णन को मद्रास हाईकोर्ट द्वारा अग्रिम जमानत याचिका खारिज किए जाने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, राधाकृष्णन पर मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां करने का आरोप है. यह बयान 20 जून को तिरुचेंदूर के पास अथूर में पूर्व मुख्यमंत्री एम करुणानिधि की जयंती समारोह के दौरान दिया गया था.
विधायक ने भाषण में विजय के फिल्मी बैकग्राउंड और राजनीति में आने पर तंज कसा था. उन्होंने एक अन्य DMK विधायक एस ऑस्टिन द्वारा विधानसभा में विजय से पूछे गए सवाल का जिक्र करते हुए कहा था कि विजय ''फंस गए लग रहे थे'' और ''घर में अभिनेत्री के साथ कितने खुश थे, अब यहां फंस गए.'' मद्रास हाईकोर्ट के जस्टिस जीके इलांथिरैयन ने याचिका खारिज करते हुए कहा कि एक विधायक को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए.
कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि तमिलनाडु में 1967 से सिनेमा से आए नेताओं को वोट दिया जा रहा है, इसलिए ऐसे बयान अनुचित हैं. गिरफ्तारी के बाद DMK सांसद कनिमोझी ने इसे दमनकारी कार्रवाई बताया और कहा कि सरकार विपक्ष को कुचलने की कोशिश कर रही है. यह मामला तमिलनाडु की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर रहा है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.