America News : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. व्हाइट हाउस में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने एक भारतीय पत्रकार के सवाल पर हल्के-फुल्के अंदाज में टिप्पणी कर दी, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है.
दरअसल, भारतीय पत्रकार ने अमेरिका और भारत के बीच प्रस्तावित ट्रेड डील को लेकर ट्रंप से सवाल पूछा था. पत्रकार की आवाज और बोलने के लहजे पर प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप ने मुस्कुराते हुए कहा, क्या तुम भारत से हो. मुझे लगा तुम जर्मनी से हो. हालांकि उन्होंने तुरंत यह भी जोड़ दिया. मैं सिर्फ मजाक कर रहा हूं. यह बहुत अच्छी बात है कि तुम भारत से हो. इसके बाद ट्रंप ने पत्रकार के सवाल का जवाब देते हुए भारत-अमेरिका संबंधों की सराहना की.
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके अच्छे मित्र हैं और दोनों देशों के बीच जल्द ही एक महत्वपूर्ण व्यापार समझौता होने की संभावना है. ट्रंप ने भरोसा जताया कि अमेरिका और भारत के आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और दोनों पक्ष जल्द किसी सहमति पर पहुंच सकते हैं.
वहीं, ट्रंप की टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई लोगों ने इसकी आलोचना की. कुछ यूजर्स ने इसे अनुचित और अपमानजनक बताया, जबकि कुछ ने इसे नस्लीय पूर्वाग्रह से जोड़कर देखा. एक यूजर ने लिखा कि ऐसे बयान किसी राष्ट्राध्यक्ष को शोभा नहीं देते, जबकि दूसरे ने इसे नस्लवाद की पराकाष्ठा बताया. हालांकि, ट्रंप समर्थकों का कहना है कि राष्ट्रपति अक्सर पत्रकारों के साथ हल्के-फुल्के अंदाज में बातचीत करते हैं और इस टिप्पणी को उसी संदर्भ में देखा जाना चाहिए. फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.