पटना: बिहार के मोकामा में जन सुराज के पूर्व उम्मीदवार दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में नया खुलासा हुआ है. उनके पोते नीरज कुमार ने दावा किया है कि उन्होंने खुद देखा कि गोली जदयू नेता अनंत सिंह ने ही चलाई. नीरज इस समय न्यायिक हिरासत में हैं और उन्होंने एक मीडिया चैनल को दिए इंटरव्यू में यह सनसनीखेज बयान दिया.
नीरज ने कहा कि मैं झूठ नहीं बोल रहा. अनंत सिंह ने मेरे दादा पर करीब से गोली चलाई. सीने की बजाय पैर में लगी, यह तो वे खुद बताएं, लेकिन फायर उन्होंने किया. वह घटना के समय दादा की गाड़ी में नहीं, पीछे की गाड़ी में थे. बोले कि लोगों ने मुझे रोका, दादा तक नहीं पहुंचने दिया, पर मैंने साफ देखा. कोई इसे गलत साबित नहीं कर सकता.
उन्होंने पुलिस पर गंभीर इल्ज़ाम लगाते हुए कहा कि पुलिस अनंत सिंह को बचाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने बताया कि 15 दिन पहले अनंत ने फोन पर धमकी दी थी. प्रचार बंद करो, वरना जान से मार दूंगा. नीरज ने माना कि शुरुआती बयान में घबराहट की वजह से थोड़ी अस्पष्टता थी, लेकिन सच वही है जो उन्होंने देखा.
उन्होंने कहा कि अनंत के दो-तीन गुर्गों ने काफिला रोका, दादा को गाड़ी से खींचा और गोली मारी. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट जो भी कहे, हत्यारा वही है. अब वे चुनाव प्रचार छोड़ चुके हैं, लेकिन न्याय की लड़ाई नहीं. उन्होंने कहा कि अनंत सिंह को फांसी तक मैं चुप नहीं बैठूंगा. इस मामले में पुलिस ने अबतक अनंत सिंह सहित 80 लोगों को पकड़ा है. अनंत, उनके साथी मणिकांत ठाकुर और रंजीत राम को रविवार रात हिरासत में लिया गया और 14 दिन की जेल भेज दिया गया. मोकामा का सियासी पारा गरम है.