राजस्थान रॉयल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच बुधवार को आईपीएल 2024 का एलिमिनेटर मुकाबला खेला गया. इस मैच में राजस्थान ने आरसीबी को चार विकेट से हरा दिया. इसी बीच खबर है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विकेट कीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने IPL को अलविदा कह दिया है.
वहीं बेंगलुरु के खिलाड़ियों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया. इस दौरान कार्तिक साथी खिलाड़ी व फैंस का शुक्रिया अदा करते नजर आए. हालांकि कार्तिक ने अभी आधिकारिक रूप से सन्यास की घोषणा नहीं की है, लेकिन अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह मैच उनका आखिरी मैच था.
बता दें कि दिनेश कार्तिक के करियर की तो यह उनका आरसीबी के साथ दूसरा कार्यकाल था. 2015 में बेंगलुरु ने उन्हें 10.5 करोड़ रुपए में खरीदा था. इस दौरान बल्ले से उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था. वह 11 मैचों में सिर्फ 141 रन बना सके.
हालांकि पिछले सीजन उन्होंने वापसी की और मजबूत फिनिशर बनकर उभरे थे. आईपीएल 2022 में दिनेश कार्तिक ने 180 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से 330 रन बनाए और वनडे विश्व कप स्क्वॉड में जगह बनाई थी. वह कोलकाता के लिए भी आईपीएल में खेल चुके हैं.
कार्तिक ने 257 मैचों में 4842 रन के साथ अपना आईपीएल करियर समाप्त किया जिसमें 22 अर्द्धशतक शामिल हैं. अपने 17 सालों के शानदार आईपीएल करियर में वह आरसीबी के अलावा दिल्ली डेयरडेविल्स, किंग्स इलेवन पंजाब, मुंबई इंडियंस, गुजरात लायंस और कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा रहे.