Earthquake in Haryana: हरियाणा के झज्जर में गुरुवार दोपहर 2.5 तीव्रता का हल्का भूकंप आया, जो पिछले एक हफ्ते में इस क्षेत्र में तीसरा भूकंप है. उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई को भी झज्जर में 3.7 तीव्रता का भूकंप आया था. हालांकि इसमें जान माल का नुकसान नहीं हुआ था.
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी के डेटा के अनुसार, भूकंप दोपहर 12:34 बजे 5 किलोमीटर की गहराई पर आया, जिसका केंद्र 28.64 उत्तरी अक्षांश और 76.75 पूर्वी देशांतर पर था. यह ताजा भूकंप पड़ोसी शहर रोहतक में पिछले रात आए एक और हल्के भूकंप के बाद हुआ.
हालांकि, अभी तक दोनों स्थानों से किसी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है. यह एक हफ्ते के भीतर झज्जर में केंद्रित तीसरा भूकंप है. हाल के भूकंपीय घटनाओं में सबसे बड़ा पिछले गुरुवार को 4.4 तीव्रता का भूकंप था, जो झज्जर में दर्ज किए गए हाल के भूकंपों में सबसे अधिक तीव्रता वाला था.
सिस्मोलॉजिकल रिकॉर्ड के अनुसार, 10 जुलाई से रोहतक के 40 किलोमीटर के दायरे में 2.5 से अधिक तीव्रता के चार भूकंप आ चुके हैं.