एटा : उत्तर प्रदेश के एटा जिले के अलीगंज क्षेत्र में मुहर्रम के दौरान बड़ा हादसा हो गया. जुलूस में शामिल करीब 20 फीट ऊंचा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया. ताजिया के तार से संपर्क में आते ही उसमें करंट दौड़ गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ताजिया जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था. ऊंचाई अधिक होने के कारण ताजिया ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से टकरा गया. करंट फैलते ही जुलूस में भगदड़ मच गई. स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. बिजली विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर लाइन की जांच की और आवश्यक कार्रवाई की.
गौरतलब है कि प्रदेश सरकार पहले ही सभी जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दे चुकी थी कि मुहर्रम के दौरान निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप रहे, ताकि बिजली की हाईटेंशन लाइनों से किसी प्रकार का हादसा न हो. इसके बावजूद एटा के अलीगंज में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होने से यह दुखद घटना सामने आई.