सट्टा बाजार में किसी को नहीं मिल रहा बहुमत, एक में NDA तो एक में INDIA गठबंधन आगे

Global Bharat 03 Jun 2024 03:11: PM 3 Mins
सट्टा बाजार में किसी को नहीं मिल रहा बहुमत, एक में NDA तो एक में INDIA गठबंधन आगे

लोकसभा चुनाव के परिणाम आने में कुछ ही घंटे बाकी है और लगभग सभी सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल आ चुके हैं. जिसमें बीजेपी को स्पष्ट बहुमत मिलता दिख रहा है. इसी बीच कई सट्टा बाजारों की भविष्यवाणी ने खलबली मचा दी है. दरअसल मुंबई सट्टा बाजार ने देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की भविष्यवाणी की है. वहीं अन्य सट्टा बाजारों ने उलटफेर का दावा किया है. आइए जानते हैं किस सट्टा बाजार ने क्या भविष्यवाणियां की है.

मुंबई सट्टा बाजार

सबसे ज्यादा मध्यप्रदेश सहित देशभर की लोकसभा सीटों को लेकर मुंबई सट्टा बाजार ने चौंका देने वाली भविष्यवाणी की है. मुंबई सट्टा बाजार देश में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने की बात कह रहा है और इंडिया गठबंधन को 345 सीटें जबकि एनडीए को 195 सीटें मिलने की संभावना जता रहा है.

फलोदी सट्टा बाजार

फलोदी सट्टा बाजार ने भाजपा के 300-302 सीटें जीतने का अनुमान लगाया है. वहीं कांग्रेस को 55 से 65 सीटें मिलने का आकलन है. इस बीच फलोदी सट्टा बाजार के अनुसार राजस्थान में कांग्रेस का खाता खुलने वाला है. दरअसल बाजार के अनुसार राजस्थान में बीजेपी के 19-20 सीटें जीतने का दावा किया जा रहा है. अन्य सीटें कांग्रेस गठबंधन के खाते में जाने का अनुमान है.

इंदौर सट्टा बाजार

इंदौर सट्टा बाजार के मुताबिक, लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए 28 (भाजपा 260), इंडिया गठबंधन 180 (कांग्रेस 94) सीटें जीत सकती हैं. इंदौर सट्टा बाजार के मुताबिक भाजपा गुजरात में 24-25 सीटें, राजस्थान में 24-25 सीटें, दिल्ली में 6-7 सीटें, पंजाब में 2 सीटें, तमिलनाडू में 3-4 सीटें जीत सकती है.

पालनपुर सट्टा बाजार

पालनपुर सट्टा बाजार के अनुसार बीजेपी को 216 सीटें मिलती दिख रही हैं. पालनपुर सट्टा बाजार में कांग्रेस को 112 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है. पालनपुर सट्टा बाजार को देखें तो इंडिया गठबंधन और एनडीए गठबंधन दोनों को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है. इस चुनाव में इंडिया गठबंधन को 225 तो एनडीए गठबंधन को 245 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है.

करनाल सट्टा बाजार

करनाल सट्टा बाजार में भी किसी गठबंधन को बहुमत मिलने के आसार नहीं हैं. कांग्रेस की अगुवाई वाले इंडिया गठबंधन को 231 सीटें मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है तो भाजपा की अगुवाई वाले एनडीए को 263 सीटें. करनाल सट्टा बाजार भाजपा की 235 सीटों पर तो कांग्रेस की 108 सीटों पर जीत मानकर दांव लगा रहा है.

कोलकाता सट्टा बाजार

कोलकाता सट्टा बाजार में भी बीजेपी को 218, कांग्रेस को 128 सीट जीतने का अनुमान लगाया जा रहा है. कोलकाता सट्टा बाजार के अनुसार इंडिया गठबंधन और एनडीए गठबंधन में से किसी को पूर्ण बहुमत नहीं मिल रहा है. इंडिया गठबंधन को 228 तो एनडीए को 261 सीटें मिल सकती हैं.

गुजरात के सट्टा बाजार

गुजरात के तीन अलग अलग सट्टा बाजार की बात करें तो बोहरी सट्टा बाजार, सूरत सट्टा बाजार और अहमदाबाद सट्टा बाजार तीनों में ही भाजपा को बहुमत मिलता नहीं दिख रहा है. सूरत सट्टा बाजार में एनडीए को जरूर बहुमत मिलता बताया जा रहा है और सूरत सट्टा बाजार के अनुसार एनडीए को 282 सीटें मिल सकती हैं.

बोहरी समुदाय जो कि मोदी का करीबी मुस्लिम समुदाय समझा जाता है उसके अपने सट्टा बाजार में बीजेपी को 227 सीटों के साथ एनडीए को 255 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है. यानी बोहरी सट्टा बाजार के अनुसार न तो बीजेपी को पूर्ण बहुमत मिलने जा रहा है और न ही एनडीए को.

इसी तरह अहमदाबाद सट्टा बाजार में भी बीजेपी बहुमत से दूर दिखाई दे रही है. अहमदाबाद चोखा बार में बीजेपी को 241 तो एनडीए को 270 सीट मिलने का अनुमान लगाया जा रहा है. यानी अहमदाबाद सट्टा बाजार भी यही मानकर दांव खेल रहा है कि इस बार बीजेपी अपने दम पर तो छोड़िए एनडीए भी बहुमत का आंकड़ा नहीं छू पा रहा है.

ये सिर्फ दावे हैं, अंतिम परिणाम आना बाकी

हालांकि चुनाव आता है तो सब अपने अपने तरीके से इसमें शामिल होने का प्रयास करते हैं, जो सट्टेबाज हैं वो जीत हार पर सट्टा लगाकर पैसा बनाने की कोशिश करते हैं. लेकिन इस बार फलोदी को छोड़कर अधिकांश सट्टा बाजार जिस तरह का अनुमान लगा रहे हैं वह मिली जुली सरकार की ओर इशारा है. अगर सटोरियों का अनुमान सही साबित होता है तो यह इस आम चुनाव का सबसे बड़ा उलटफेर कहा जाएगा.

Recent News