Falta Seat Result 2026 : पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव की मतगणना के बीच बीजेपी खेमे में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. रुझानों में पार्टी को बड़ी बढ़त मिलने के बाद नेताओं ने इसे राज्य की राजनीति में बदलाव का संकेत बताया है. इसी बीच अग्निमित्रा पॉल ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए फिल्मी अंदाज में कहा, पुष्पा झुकते-झुकते भाग गया.
अग्निमित्रा पॉल ने दावा किया कि फाल्टा की जनता ने डर और हिंसा की राजनीति को नकारते हुए बीजेपी पर भरोसा जताया है. उन्होंने कहा कि लोगों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास है और जनता अब भयमुक्त बंगाल चाहती है. उनके मुताबिक, राज्य में बदलाव की लहर साफ दिखाई दे रही है और इसका असर चुनावी नतीजों में भी नजर आ रहा है. मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की तारीफ करते हुए कहा कि बंगाल में पार्टी संगठन को मजबूत करने और लोगों के मुद्दे उठाने में उनकी बड़ी भूमिका रही है. उन्होंने कहा कि सुवेंदु अधिकारी लगातार जनता के बीच रहकर काम कर रहे हैं और लोग उनके संघर्ष से प्रभावित हैं.
फाल्टा सीट पर बीजेपी की बढ़त को पार्टी सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि बंगाल की राजनीति में नए समीकरण के रूप में देख रही है. बीजेपी 78 हजार वोट से आगे हैं. बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि जनता अब विकास, सुरक्षा और पारदर्शिता चाहती है. वहीं टीएमसी की ओर से अभी तक इन बयानों पर कोई बड़ी प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि अगर फाल्टा में बीजेपी की जीत होती है तो यह आने वाले चुनावों में कार्यकर्ताओं के लिए बड़ा मनोवैज्ञानिक बढ़त साबित हो सकता है.