Falta Election Result : पश्चिम बंगाल की चर्चित फाल्टा विधानसभा सीट पर हुए पुनर्मतदान के नतीजों ने राज्य की राजनीति में बड़ा संदेश दे दिया है, यहां बीजेपी प्रत्याशी देबांग्शु पांडा ने रिकॉर्ड 1.09 लाख वोटों के अंतर से ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. खास बात यह रही कि इस सीट पर सत्ताधारी टीएमसी चौथे स्थान पर खिसक गई, जबकि दूसरे नंबर पर सीपीएम और तीसरे स्थान पर कांग्रेस रही.
फाल्टा सीट का परिणाम सिर्फ एक चुनावी जीत नहीं, बल्कि बंगाल की बदलती राजनीतिक तस्वीर का संकेत माना जा रहा है. मतगणना शुरू होते ही देबांग्शु पांडा ने बढ़त बना ली थी, जो हर राउंड के साथ लगातार बढ़ती चली गई. अंतिम नतीजे आने तक मुकाबला पूरी तरह एकतरफा हो चुका था.
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि फाल्टा में बीजेपी को मिली यह बड़ी जीत राज्य में विपक्षी राजनीति की नई दिशा तय कर सकती है. वहीं टीएमसी का चौथे स्थान पर पहुंचना पार्टी के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है. चुनाव प्रचार के दौरान बीजेपी ने कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया था, जिसका असर मतदान में साफ दिखाई दिया.
बीजेपी समर्थकों ने जीत के बाद इलाके में जमकर जश्न मनाया. कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मिठाइयां बांटी और इसे बंगाल में बदलाव का संकेत बताया. दूसरी ओर विपक्षी दलों ने परिणामों की समीक्षा करने की बात कही है. फाल्टा का यह चुनाव परिणाम अब पूरे पश्चिम बंगाल की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गया है.