falta election : पश्चिम बंगाल की राजनीति में फाल्टा सीट से बड़ा उलटफेर सामने आया है. टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने चुनाव से अपना नाम वापस लेने का ऐलान कर दिया है. सबसे बड़ी बात यह है कि यह फैसला उस दिन आया, जब चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था. फाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा मतदान होना है. चुनाव आयोग ने पहले हुए मतदान को रद्द कर दिया था, क्योंकि बूथ कब्जाने, वोटरों को धमकाने और ईवीएम से छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोप सामने आए थे. इसी वजह से यह सीट पूरे बंगाल की सबसे चर्चित सीटों में शामिल हो गई थी.
जहांगीर खान पिछले कई दिनों से विवादों में थे. उनके खिलाफ कई मामले दर्ज हुए और मामला कलकत्ता हाईकोर्ट तक पहुंचा. कोर्ट ने हाल ही में उन्हें 26 मई तक राहत दी थी, लेकिन अब अचानक चुनाव मैदान छोड़ने के फैसले ने बंगाल की राजनीति में हलचल बढ़ा दी है. सूत्रों के मुताबिक, लगातार बढ़ते दबाव, प्रशासनिक सख्ती और फाल्टा में बदले राजनीतिक माहौल को इस फैसले की बड़ी वजह माना जा रहा है. बीजेपी पहले ही दावा कर रही थी कि फाल्टा में इस बार टीएमसी को बड़ा झटका लग सकता है. अब सवाल यह है कि जहांगीर खान के हटने के बाद फाल्टा की लड़ाई किस करवट बैठेगी और क्या यह फैसला बंगाल की राजनीति में बड़ा संदेश देने वाला साबित होगा.