मध्य प्रदेश के भिंड में हनीट्रैप गैंग का बड़ा खुलासा, एक महिला सदस्य HIV पॉजिटिव निकली

Amanat Ansari 30 May 2026 04:26: PM 1 Mins
मध्य प्रदेश के भिंड में हनीट्रैप गैंग का बड़ा खुलासा, एक महिला सदस्य HIV पॉजिटिव निकली

Bhind Honey Trap: देहात थाना पुलिस ने एक हनीट्रैप गिरोह को पकड़ा है, जिसकी जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. गिरोह की एक महिला सदस्य HIV पॉजिटिव निकली है. पुलिस के अनुसार, इस महिला को करीब तीन साल से इस बीमारी का इलाज चल रहा था. गिरोह का तरीका था- अमीर और प्रभावशाली लोगों को प्रेम जाल में फंसाना, उनके साथ अश्लील वीडियो बनाना और फिर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लाखों रुपये की ब्लैकमेलिंग करना.

अब तक पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं और दो पुरुषों समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किए गए हैं, जिनमें सैकड़ों अश्लील वीडियो, फोटो और वित्तीय लेन-देन के दस्तावेज मिले हैं. पुलिस इन डिजिटल सबूतों के आधार पर यह पता लगा रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और यह नेटवर्क किन-किन जिलों तक फैला हुआ है.

वकील का नाम भी आया सामने

जांच के दौरान एक नामी अधिवक्ता का भी नाम उभरा है. पुलिस यह पता कर रही है कि ब्लैकमेलिंग से वसूली गई रकम के लेन-देन में इस वकील की क्या भूमिका थी. HIV पॉजिटिव महिला के सामने आने के बाद अब पीड़ितों की स्वास्थ्य सुरक्षा एक गंभीर मुद्दा बन गया है. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस महिला के संपर्क में कितने लोग आए और उन्हें संक्रमण का खतरा तो नहीं है. पुलिस इस पूरे मामले को सिर्फ आर्थिक अपराध के रूप में नहीं, बल्कि संभावित स्वास्थ्य जोखिम के रूप में भी देख रही है. आगे की जांच जारी है.

Madhya Pradesh News Bhind District Honeytrap HIV Positive

Recent News