नई दिल्ली: महाराष्ट्र के गढ़चिरौली और उत्तर प्रदेश की शाहजहांपुर पुलिस ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के खिलाफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारे में कथित तौर पर आपत्तिजनक पोस्ट ट्वीट करने के आरोप में मामला दर्ज किया है. दोनों जगहों पर एफआईआर दर्ज होने की वजह से अब तेजस्वी यादव की मुश्किलें बढ़ सकती है. तेजस्वी पर प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप है.
आज गया में लगेगी झूठ और जुमलों की दुकान!
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) August 22, 2025
प्रधानमंत्री जी, गया में बिना हड्डी की जुबान से आज झूठ और जुमलों का हिमालय खड़ा करेंगे लेकिन बिहार के न्यायप्रिय जनता दशरथ मांझी की तरह उनके झूठ और जुमलों के इन विशाल पहाड़ों को तोड़ देगी।
11 साल अपनी और 20 वर्षों की एनडीए सरकार के 20… pic.twitter.com/X1KRhb80pY
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि गढ़चिरौली से भाजपा विधायक मिलिंद नरोटे ने राजद नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने कहा कि नरोटे ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि तेजस्वी यादव ने बिहार के गया दौरे से पहले प्रधानमंत्री के खिलाफ एक्स पर आपत्तिजनक टिप्पणी पोस्ट की थी. अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 356 (मानहानि), 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान करना) और 353 (सार्वजनिक रूप से शरारत पैदा करने वाले बयान) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है.
वहीं यूपी के शाहजहांपुर में बीजेपी की स्थानीय नेता शिल्पी गुप्ता ने तेजस्वी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी की पोस्ट ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर देशभर में आक्रोश पैदा किया. शाहजहांपुर के सदर बाजार थाने में इस मामले में FIR दर्ज की गई, और शिल्पी ने तेजस्वी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
तेजस्वी की पोस्ट में क्या था?
22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार के गयाजी दौरे से पहले तेजस्वी ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट साझा की थी. इस पोस्ट में एक कार्टून के जरिए PM मोदी को दुकानदार के रूप में दिखाया गया, जिसके साइनबोर्ड पर लिखा था, "जुमलों की मशहूर दुकान". इसके साथ ही तेजस्वी ने PM से उनके 11 साल के शासन और बिहार में NDA के 20 साल के कार्यकाल का हिसाब मांगते हुए तंज कसा था.