मुजफ्फरपुर में विश्वविद्यालय छात्रावास गेट पर ताबड़तोड़ फायिरंग, पुलिस को खाली खोखा तो मिला, लेकिन अपराधी नहीं!

Global Bharat 30 Jan 2025 03:20: PM 1 Mins
मुजफ्फरपुर में विश्वविद्यालय छात्रावास गेट पर ताबड़तोड़ फायिरंग, पुलिस को खाली खोखा तो मिला, लेकिन अपराधी नहीं!

मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के एक छात्रावास पर तड़के सुबह कई राउंड फायरिंग हुई है. गोलीबारी की इस घटना से छात्रावास के छात्र दहशत में हैं. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक, बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय के ठक्कर बप्पा छात्रावास के मुख्य गेट पर असामाजिक तत्वों ने फायरिंग की है.

चंदे को लेकर हुआ था विवाद

घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी थाना पुलिस सहित नगर पुलिस उपाधीक्षक सीमा कुमारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. बताया जाता है कि तीन दिन पहले इसी छात्रावास के छात्रों और पीजी-एक के छात्रों के बीच सरस्वती पूजा के चंदा को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद भयंकर झड़प हुई थी. इस दौरान कई छात्र घायल हो गए थे. अब वहीं पर गोलीबारी होने से छात्र डरे हुए हैं.

दहशत फैलाना था उद्देश्य

पिछले दिनों हुए विवाद और मारपीट की घटना की प्राथमिकी विश्वविद्यालय थाना में दर्ज कराई गई थी, जिसमें सात लोगों को नामजद और अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. इस मामले की भी पुलिस अभी जांच कर रही है. आशंका जताई जा रही है कि उसी विवाद में दहशत फैलाने के उद्देश्य से इस घटना को अंजाम दिया गया होगा. वहीं पुलिस किसी भी अपराधी को पकड़ने में नाकाम रही.

छात्रों में दहशत का माहौल

मुजफ्फरपुर नगर की पुलिस उपाधीक्षक सीमा देवी ने बताया कि कुछ उपद्रवी तत्वों के द्वारा एक छात्रावास पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड फायरिंग की गई है. पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है. उन्होंने आशंका जताते हुए कहा कि सरस्वती पूजा को लेकर पहले भी विवाद हुआ था. जल्द ही उपद्रवियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी. 

bihar news muzaffarpur news muzaffarpur firing muzaffarpur crime

Description of the author

Recent News