सीतापुर : जेल में 23 महीने से बंद सपा के दिग्गज नेता आज़म खान की आज रिहाई होनी है. कोर्ट से जमानत मिलने के बाद सीतापुर जेल से आजम खान बाहर आएंगे. आजम खान की रिहाई होने से पहले उनको लेने के लिए पहुंचे 15 गाड़ियों का पुलिस ने चालान काट दिया है. पुलिस का कहना है कि सभी गाड़ियां नो-पार्किंग जोन में खड़ी थी, जिस वजह से कार्रवाई हुई है. आजम खान की रिहाई को देखते हुए शहर में धारा 144 लागू कर दिया गया है. किसी भी तरह के काफिला और जुलूस पर प्रतिबंध लगाया गया है.
सीतापुर जेल में बंद आजम खान को लेने के लिए आज उनके बड़े बेटे अदीब सात बजे पहुंच गए. इसके साथ ही काफी संख्या में उनके समर्थक भी वहां पर पहुंच गए. समर्थकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस की ओर से तत्काल सभी को हटा दिया गया. इस दौरान नो-पार्किंग जोन में खड़ी 15 गाड़ियों का पुलिस ने चालान भी कर दिया. सभी गाड़ियां जेल के बाहर खड़ी थी. पुलिस का कहना है कि ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए एक्शन लिया गया है. ताकि, आम राहगीरों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो सके.
आजम खान के बड़े बेटे अदीब ने बोला कि आज के हीरो आजम खान साहब हैं. मैं स्वयं उनसे मिलने के लिए आया हुआ हूं. आजम खान को रिसीव करने के लिए मुरादाबाद से सांसद रुचि वीरा सहित सपा के तमाम विधायक, जिला अध्यक्ष व भारी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हुए हैं. दो मामलों में कोर्ट में जुर्माना राशि अदा न करने की वजह से आजम खान की रिहाई में थोड़ा वक्त लगेगा. फिलहाल पुलिस ने जेल के पास से आजम खान के पुत्र सहित समर्थकों को हटा दिया है. वहीं, ड्रोन सहित अन्य माध्यमों से निगरानी भी की जा रही है.