बारिश का रौद्र रूप! रायगढ़ में बाढ़ ने बहा दिए 3000 LPG सिलेंडर, पातालगंगा नदी में तैरते दिखे हजारों सिलेंडर

Amanat Ansari 09 Jul 2026 02:55: PM 1 Mins
बारिश का रौद्र रूप! रायगढ़ में बाढ़ ने बहा दिए 3000 LPG सिलेंडर, पातालगंगा नदी में तैरते दिखे हजारों सिलेंडर

रायगढ़: महाराष्ट्र में मानसून ने अपना विकराल रूप दिखाया है. भारी बारिश और बाढ़ ने रायगढ़ जिले में ऐसा तांडव मचाया कि HPCL के पातालगंगा LPG बॉटलिंग प्लांट से करीब 3000 LPG सिलेंडर बाढ़ के पानी में बह गए. ये सिलेंडर पातालगंगा नदी में तेज बहाव के साथ तैरते हुए दिखाई दिए, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. पनवेल तालुका के MIDC चावणे इलाके में स्थित HPCL प्लांट में बुधवार को भारी बारिश से पानी घुस गया.

इसके बाद प्लांट में रखे भरे और खाली सिलेंडर पानी के तेज बहाव में बह गए. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में नदी के बीच सैकड़ों सिलेंडर तैरते नजर आ रहे हैं. कुछ जगहों पर लोग सिलेंडर निकालने की कोशिश भी करते दिखे, जिसके बाद प्रशासन ने तुरंत चेतावनी जारी की.

प्रशासन की अपील

  • अगर कोई LPG सिलेंडर नदी किनारे या आसपास दिखे तो खुद न छुएं.
  • तुरंत संबंधित अधिकारियों या पुलिस को सूचना दें.
  • इन सिलेंडरों को बिना सुरक्षा जांच के इस्तेमाल करना खतरनाक हो सकता है.

IMD ने रायगढ़, पालघर और नासिक-पुणे घाट क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है. मुंबई समेत कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट है. NDRF और SDRF की टीमें राहत कार्य के लिए तैयार हैं. यह घटना भारी बारिश और बाढ़ की बढ़ती चुनौती को एक बार फिर रेखांकित करती है. प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक नदी किनारे न जाने की अपील की है.

Maharashtra floods LPG cylinder flooding Raigad floods Patalganga River

Recent News