Mamata Banerjee: ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग के बाद भारी आत्मविश्वास दिखाते हुए कहा है कि उनकी पार्टी बंगाल में जीत हासिल करेगी. उन्होंने आगे चुनौती देते हुए दावा किया कि बंगाल पर कब्जा करने के बाद वह दिल्ली तक पहुंचेंगी और केंद्र में सत्ता परिवर्तन का प्रयास करेंगी.
ममता बनर्जी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उन्हें सत्ता हासिल करने की इच्छा नहीं है, बल्कि बीजेपी को पूरी तरह से खत्म करने की चाहत है. उन्होंने कहा कि बंगाल में तो बीजेपी का सफाया होगा ही, साथ ही दिल्ली से भी उन्हें बाहर किया जाएगा. कोलकाता में जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा कि जो लोग उनके खिलाफ काम कर रहे हैं या बीजेपी के लिए दलाली कर रहे हैं, उनके नाम और घर के पते तक उन्होंने नोट कर लिए हैं.
उन्होंने कहा कि आप सोचते हैं कि आप हम पर नजर रख सकते हैं? हम सब जानते हैं कि आपने पहले लोगों की पृष्ठभूमि की जांच की और फिर उन्हें बीजेपी में शामिल करके पद दिए. हमने सब कुछ दर्ज कर लिया है. ममता बनर्जी ने जोर देकर कहा कि बीजेपी में उनको हराने की कोई ताकत नहीं है.
उन्होंने कहा कि हम अन्याय के खिलाफ लड़ते रहेंगे. मैं बंगाल में पैदा हुई हूं और यहीं मरूंगी. बंगाल जीतने के बाद मैं दिल्ली पर कब्जा करूंगी. मैं सभी विपक्षी दलों को साथ लेकर बीजेपी को दिल्ली से हटाऊंगी.
बता दें कि 23 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के पहले चरण की 152 सीटों पर भारी मतदान हुआ था. टीएमसी और बीजेपी दोनों ही इस चरण में अपनी जीत का दावा कर रही हैं. अमित शाह ने कहा था कि इनमें से 110 सीटें बीजेपी जीतेगी, जबकि ममता बनर्जी का कहना है कि भारी मतदान उनकी पार्टी के पक्ष में है.