इधर हुआ चुनाव का ऐलान, उधर फारुख अब्दुल्ला ने बता दिया कौन बनेगा CM?

Global Bharat 16 Aug 2024 04:10: PM 2 Mins
इधर हुआ चुनाव का ऐलान, उधर फारुख अब्दुल्ला ने बता दिया कौन बनेगा CM?

पूर्व सीएम फारूक अब्दुल्ला (Former CM Farooq Abdullah) ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव (Jammu and Kashmir Assembly Elections) और नेशनल कॉन्फ्रेंस पार्टी (National Conference Party) की विधानसभा चुनाव की तैयारी और जम्मू-कश्मीर के विकास पर मीडिया से बात की. इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधा. उन्होंने उम्मीद जताई है कि राज्य में जल्द भी विधानसभा चुनाव होंगे.

फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया था कि सितंबर तक राज्य में विधानसभा चुनाव कराया जाए, इसलिए उम्मीद जगी है कि राज्य में चुनाव कराए जाएंगे. खुद के चुनाव लड़ने पर भी उन्होंने अपनी बात रखी. फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि वह खुद विधानसभा का चुनाव लड़ेंगे. बता दें कि फारूक अब्दुल्ला के बेटे उमर अब्दुल्ला (Omar Abdullah) ने चुनाव नहीं लड़ने की बात कही थी. इसलिए फारूक अब्दुल्ला ने चुनाव लड़ने की बात कही है.

उन्होंने कहा कि जब तक जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश रहेगा वह (उमर अब्दुल्ला) चुनाव नहीं लड़ेंगे और एक बार जब जेएंडके को पूर्ण राज्य का दर्जा मिल जाएगा तो उमर अब्दुल्ला चुनाव लड़ेंगे और फारूक अब्दुल्ला वह सीट छोड़ देंगे. बीजेपी पर निशाना साधते हुए फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि देश अनेकता में एकता से चलेगा, जबकि भाजपा सिर्फ हिंदू-हिंदू करती है और नफरत फैलाती है, जबकि जम्मू-कश्मीर में सभी धर्म के लोग रहते हैं और सभी परेशान हैं, ना कि सिर्फ एक कौम.

राज्य में बीजेपी के मुख्यमंत्री बनने के दावों को लेकर फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि कौन सीएम बनेंगे यह तो वक्त ही बताएगा, लेकिन हमारा मकसद चुनाव लड़ना है और जीतना है. वहीं गठबंधन के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अभी तो अकेले चुनाव लड़ने का प्लान है, लेकिन आगे क्या होगा इस पर पार्टी निर्णय लेगी. पार्टी तय करेगी कि किसी पार्टी से गठबंधन करना है या नहीं.

इस दौरान फारूक अब्दुल्ला ने भाजपा को नफरत फैलाने वाली पार्टी बताया और कहा कि इस तरह से बीजेपी के मंसूबे कभी कामयाब नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर रियासत में हिन्दू, मुस्लिम, सिख ईसाई सभी हैं और सभी परेशान हैं. हम सबके लिए लड़ना चाहते हैं और यदि भारत को बचाना है तो अनेकता में एकता पर काम करना होगा.

बता दें कि भारतीय चुनाव आयोग ने हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनावों का ऐलान कर दिया है. आयोग ने बताया है कि हरियाणा में 1 अक्टूबर को विधानसभा के लिए वोटिंग कराए जाएंगे और 4 को नतीजे आएंगे. वहीं जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे और 4 अक्टूबर को ही नतीजे आएंगे. 

Recent News