तिरुवनंतपुरम: केरल में सियासी तनाव और बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) की छापेमारी के महज कुछ दिनों बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के ड्राइवर के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है. ड्राइवर ने पुलिसकर्मियों पर हमला करने और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर केस भी दर्ज कर लिया गया है.
क्या है पूरा मामला?
ड्राइवर अनूप ने शिकायत में बताया कि 30 मई को वह पिनाराई विजयन को तिरुवनंतपुरम रेलवे स्टेशन छोड़ने गए थे. विजयन वंदे भारत एक्सप्रेस से यात्रा करने वाले थे. जब विजयन स्टेशन के अंदर चले गए, तो अनूप कार पार्क करने लगे. इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी उनके पास पहुंचे और पार्किंग को लेकर आपत्ति जताने लगे. अनूप के अनुसार, पुलिसवालों ने उन पर मारपीट की, अपशब्द कहे और बदतमीजी की. उन्होंने दो पुलिस अधिकारियों के नाम लेकर उन पर कार्रवाई की मांग की है.
ED छापे के बाद बढ़ा बवाल
यह घटना ED की उस छापेमारी के ठीक बाद हुई है, जिसमें विजयन, उनकी बेटी और दामाद से जुड़े कई ठिकानों पर तलाशी ली गई थी. यह कार्रवाई कथित CMRL मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हुई थी. छापेमारी के दौरान विजयन के घर के बाहर CPI(M) कार्यकर्ताओं ने ED अधिकारियों की गाड़ियों पर हमला कर दिया था, जिसमें गाड़ियों के शीशे तोड़े गए और एक ड्राइवर घायल भी हुआ था.
केरल में कांग्रेस की नई सरकार बनने के बाद से पूर्व CM विजयन और CPI(M) पर दबाव बढ़ता दिख रहा है, जबकि सियासी आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला भी तेज हो गया है. पुलिस ने ड्राइवर अनूप की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.