नई दिल्ली: नोएडा की 33 वर्षीय पूर्व मिस पुणे ट्विशा शर्मा की रहस्यमयी मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. ट्विशा, जो एक कंटेंट क्रिएटर थीं, 12 मई को अपने पति समर्थ सिंह के भोपाल स्थित घर में मृत पाई गईं. उनके परिवार ने पति समर्थ सिंह, सास गिरिबाला सिंह (रिटायर्ड जिला जज) और ससुर पर दहेज उत्पीड़न और हत्या के गंभीर आरोप लगाए हैं.
क्या-क्या हुआ अब तक?
मध्य प्रदेश पुलिस ने ट्विशा के मायके वालों की शिकायत पर समर्थ सिंह, उनकी मां गिरिबाला सिंह और पिता के खिलाफ दहेज मृत्यु व उत्पीड़न से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने छह सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) गठित किया है, जिसकी कमान सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप को सौंपी गई है. SIT ने समर्थ सिंह की तलाश तेज कर दी है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पासपोर्ट रद्द करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.
ट्विशा के परिवार ने दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की है और इसे AIIMS दिल्ली से कराने की अपील की है. साथ ही उन्होंने मामले को दूसरी अदालत में ट्रांसफर करने की भी मांग रखी है. परिवार के सदस्य पिछले कई दिनों से कटारा हिल्स पुलिस स्टेशन के बाहर धरना दे रहे हैं और न्याय की गुहार लगा रहे हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री आवास के बाहर भी प्रदर्शन किया.
ट्विशा शर्मा कौन थीं?
ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं. उन्होंने पुणे में मिस पुणे का खिताब जीता था और सोशल मीडिया पर कंटेंट क्रिएशन का काम करती थीं. 2024 में एक डेटिंग ऐप के जरिए उनकी मुलाकात वकील समर्थ सिंह से हुई थी. दिसंबर 2025 में दोनों ने शादी कर ली और ट्विशा भोपाल शिफ्ट हो गईं.
परिवार के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद ही ट्विशा ससुराल में दहेज के लिए परेशान होने लगी थीं. 15 मई को वह नोएडा अपने माता-पिता से मिलने आने वाली थीं. उन्होंने अपनी मां से बार-बार फोन पर कहा भी था कि वह वापस आना चाहती हैं, लेकिन 12 मई को उनकी मौत हो गई.
अस्पताल ने रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी. परिवार का आरोप है कि ट्विशा की मौत सामान्य नहीं थी और इसमें ससुराल वालों की संलिप्तता है.
मामला अभी जांच के अधीन है और SIT आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी हुई है.