महाराष्ट्र में ईंधन की कमी से पेट्रोल पंपों पर हिंसा, कैनों से ही एक-दूसरे पर हमला

Amanat Ansari 17 May 2026 01:21: PM 1 Mins
महाराष्ट्र में ईंधन की कमी से पेट्रोल पंपों पर हिंसा, कैनों से ही एक-दूसरे पर हमला

Washim Petrol Shortage: महाराष्ट्र के वाशिम शहर में डीजल की भारी किल्लत के कारण पेट्रोल पंप पर तनाव चरम पर पहुंच गया. अकोला नाका स्थित इंडियन पेट्रोल पंप पर शनिवार शाम को डीजल भरवाने के लिए लंबी लाइन लगी थी. लाइन में नंबर और बारी को लेकर शुरू हुई छोटी सी बहस जल्द ही मारपीट में बदल गई. कुछ लोगों ने डीजल भरने के लिए लाए कैनों से ही एक-दूसरे पर हमला बोल दिया.

पेट्रोल पंप पर उस समय डीजल टैंकर पहुंचा हुआ था, जिसकी वजह से वहां ड्राइवरों और आम नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई थी. हाथापाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में दो गुटों के बीच जमकर झगड़ा और कैनों से हमला करते हुए साफ दिख रहा है.

नागपुर में चाकू से हमला

ईंधन की कमी के चलते पूरे महाराष्ट्र में कई जिलों में ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं. लोग बड़े-बड़े कैन और डिब्बे लेकर पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे लाइन और बारी को लेकर लगातार विवाद हो रहे हैं. नागपुर जिले के सावनेर-सौंसर हाईवे पर स्थित पारसोडी इलाके के कबीर पेट्रोल पंप पर तो मामला और गंभीर हो गया.

लाइन को लेकर हुए विवाद के अगले दिन शाम करीब 5:30 बजे दो स्कूटरों पर आए छह युवकों ने पंप कर्मचारी रवि सुरेश बांगडे (27 वर्ष) पर अचानक हमला कर दिया. युवकों ने बहस शुरू की और फिर कर्मचारी की पीठ में चाकू घोंप दिया. घायल कर्मचारी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और सावनेर-पांढुर्ना हाईवे के पास एक खेत से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोहम पंजाब खांडारे (20), भूमेश मंगेश लांडगे (26) और प्रांजल सुरेश खांडारे (19) के रूप में हुई है. पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है. ये घटनाएं महाराष्ट्र में ईंधन संकट की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं, जहां छोटी-छोटी बातों से हिंसा भड़क रही है.

Maharashtra Washim fight Washim fight Viral Video petrol pump clash India diesel dispute fight

Recent News