मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के पश्चिम बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा हुआ है. सीबीआई और मुजफ्फरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने हत्या के मुख्य आरोपियों में शामिल राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी हरिद्वार से दिल्ली भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन छपार टोल प्लाजा NH-58 से उसे दबोच लिया गया. राजकुमार उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा रतोपुर सांवरा गांव का निवासी बताया जा रहा है. हत्या के दिन से ही उसका मोबाइल बंद था, जिससे एजेंसियों का शक और गहरा गया था.
इससे पहले इस केस में ठाकुर राज सिंह समेत कई संदिग्ध गिरफ्तार किए जा चुके हैं. वहीं, कोलकाता पुलिस पहले ही उत्तर प्रदेश से तीन शार्प शूटरों को पकड़ चुकी है. गौरतलब है कि 6 मई को कोलकाता से करीब 7 किलोमीटर दूर दोहरिया लेन में चंद्रनाथ रथ की बेहद पेशेवर अंदाज में हत्या कर दी गई थी. बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की बड़ी जीत के दो दिन बाद हुई इस वारदात ने पूरे राज्य में सनसनी फैला दी थी.
पुलिस जांच के मुताबिक, रथ की एसयूवी को एक सिल्वर कार ने रोका था, जबकि बाइक सवार हमलावरों ने बेहद करीब से गोलियां बरसाईं. वारदात के बाद आरोपी वाहन बदलकर फरार हो गए थे. जांच में यूपी और बिहार के अपराधियों के नेटवर्क के तार सामने आए हैं. अब एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन बदमाशों को बंगाल में पनाह किसने दी, हथियार और फंडिंग किसने उपलब्ध कराई और इस कॉन्ट्रैक्ट किलिंग के पीछे असली मास्टरमाइंड कौन है.