श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान जारी है. इसी बीच एक ऐसा मामला सामने आया है जो सुरक्षा एजेंसियों को भी हैरान कर गया. लश्कर-ए-तैयबा का एक पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुसपैठ करके आतंकी गतिविधियां बढ़ाने और स्लीपर सेल तैयार करने आया था, लेकिन यहां उसका ध्यान अपनी पुरानी समस्या पर चला गया.
आतंकी ने हेयर ट्रांसप्लांट कराया
मोहम्मद उस्मान जट्ट नाम का यह आतंकवादी पूछताछ में खुलासा कर चुका है कि उसने श्रीनगर में हेयर ट्रांसप्लांट करवा लिया. लाहौर का रहने वाला जट्ट बाल झड़ने की समस्या से काफी परेशान था. भारत आने का असली मकसद आतंक फैलाना था, लेकिन यहां की सुविधाओं को देखकर उसने अपना निजी काम पहले निपटा लिया. पुलिस और जांच एजेंसियों के अनुसार, जट्ट को ''चीनी'' नाम से भी जाना जाता था.
उसे पिछले महीने श्रीनगर पुलिस ने अब्दुल्ला उर्फ अबू हुरैरा के साथ गिरफ्तार किया था. अबू हुरैरा लश्कर का लंबे समय से सक्रिय आतंकवादी माना जाता है. दोनों को जम्मू-कश्मीर के बाहर स्लीपर सेल खड़ा करने की जिम्मेदारी दी गई थी.
कैसे कराया हेयर ट्रांसप्लांट?
पूछताछ में जट्ट ने बताया कि वह जम्मू-कश्मीर के उत्तरी इलाके से घुसा था. यहां रहते हुए उसकी मुलाकात पाकिस्तानी आतंकवादी जरगम और अबू हुरैरा से हुई. एक दिन जरगम उसे एक दुकान पर ले गया, जहां दुकानदार ने खुद हेयर ट्रांसप्लांट करवाया हुआ था. बातचीत के दौरान जट्ट को इसकी जानकारी मिली. वह बार-बार उसी दुकान पर जाने लगा और आखिरकार दुकान मालिक की मदद से श्रीनगर के एक क्लिनिक में ट्रांसप्लांट करवा लिया.
इलाज के दौरान उसे कई बार क्लिनिक में रात भी गुजारनी पड़ी. जट्ट ने पहले सोचा था कि हेयर ट्रांसप्लांट बहुत महंगी प्रक्रिया है और सिर्फ विदेशों में ही होती है, लेकिन कश्मीर में उसे यह आसानी से उपलब्ध मिल गया. राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है. आतंकवादी की घुसपैठ का रूट, उसके स्थानीय संपर्क, ठिकाने और ओवर ग्राउंड वर्कर्स (OGW) का नेटवर्क उजागर करने की कोशिश की जा रही है.
जट्ट ने पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारी दी है, जिसके आधार पर उत्तर कश्मीर और श्रीनगर में सक्रिय कई ओवर ग्राउंड वर्कर्स का पता चला है. यह मामला सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक अजीब अनुभव बन गया है, जहां आतंक फैलाने आया व्यक्ति, बालों के चक्कर में अपना मकसद भूल गया.