लखनऊ : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में 27 जुलाई की शाम एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 7 बजे 10वीं कक्षा की छात्रा को दो आरोपियों ने लिफ्ट देने का झांसा देकर कार में बैठा लिया. इसके बाद आरोप है कि दोनों ने चलती कार में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और देर रात उसे हाईवे किनारे फेंककर फरार हो गए. पीड़िता पूरी रात बदहवास हालत में सड़क किनारे पड़ी रही. सुबह राहगीरों की नजर उस पर पड़ी, जिन्होंने उसकी मदद कर उसे परिजनों तक पहुंचाया.
परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की. सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों मुजाहिद (45) और सलीम अख्तर (48) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक, मुजाहिद हापुड़ का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और वारदात में इस्तेमाल कार भी पुलिस ने बरामद कर ली है.
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है. पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. अधिकारियों का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.