गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र में सोशल मीडिया पर वायरल हुई एक रील को लेकर विवाद खड़ा हो गया. रील में दो युवक हनुमान मंदिर के सामने विशाल हनुमान प्रतिमा को बैकग्राउंड में रखकर वीडियो बनाते नजर आए. वीडियो में एक आपत्तिजनक गाना बज रहा था, जिसके बोल तेरी हस्ती ना मिटा दूं... बताए जा रहे हैं. रील वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीडियो ईद मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान बनाया गया था. रील सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे लेकर नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की. मामला पुलिस के संज्ञान में आने के बाद लोनी थाना पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की.
पुलिस की जांच में रील बनाने वाले दोनों युवकों की पहचान जैद और समीर के रूप में हुई. जानकारी के अनुसार, दोनों मुस्तफाबाद इलाके के रहने वाले बताए गए हैं. पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने हनुमान मंदिर के सामने खड़े होकर वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया था. वीडियो तेजी से वायरल होने के बाद धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की. दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.