गाजियाबाद : उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक युवक ने कथित पारिवारिक प्रताड़ना और धर्म परिवर्तन के दबाव से परेशान होकर आत्मदाह का प्रयास किया. घटना उस समय हुई जब युवक अपने दो बच्चों के साथ थाने पहुंचा और अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया. हालांकि, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए उसे समय रहते रोक लिया और बड़ा हादसा टल गया.
पीड़ित युवक ने अपना नाम कपिल शर्मा बताया है. उसका कहना है कि करीब दस वर्ष पहले उसने एक मुस्लिम युवती से विवाह किया था. शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए और परिवार सामान्य रूप से चल रहा था. युवक के अनुसार, कुछ महीनों पहले उसकी पत्नी उसे ग्रेटर नोएडा से मुरादनगर स्थित एक कॉलोनी में लेकर आ गई, जहां से पारिवारिक विवाद बढ़ने लगे.
कपिल का आरोप है कि उसकी पत्नी और सास लगातार उस पर धर्म परिवर्तन करने का दबाव बना रही हैं. उसने यह भी दावा किया कि उसकी कमाई पर पूरा नियंत्रण रखा जाता है और विरोध करने पर उसे मानसिक रूप से परेशान किया जाता है. युवक ने सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि धर्म परिवर्तन न करने की स्थिति में बच्चों को नुकसान पहुंचाने की धमकियां दी जाती हैं.
पीड़ित के मुताबिक उसने दो दिन पहले भी पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई न होने के कारण वह निराश हो गया और आत्मदाह जैसा कदम उठाने पहुंच गया. घटना के बाद पुलिस ने उसकी शिकायत दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जाएगी. जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.