नई दिल्ली: बिहार के मधेपुरा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां एक युवती ने दोस्तों के साथ मिलकर न सिर्फ प्रेमी का प्राइवेट पार्ट काटा बल्कि, उसकी जान भी ले ली. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया और अन्य की तलाश की जा रही है. पूरी वारदात आलमनगर के रतवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत मैनिया बासा की बताई जा रही है.
मीडिया रिपोर्ट से जानकारी मिली है कि आरोपियों ने पहले गला रेतकर प्रेमी की हत्या की फिर उसका प्राइवेट पार्ट कार्ट दिया. मृतक की पहचान पूर्णिया के भवानीपुर थाना क्षेत्र गढ़िया निवासी हिसाबी मंडल के पुत्र संजीव कुमार के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि संजीव कुमार खुशबू नाम की लड़की से प्यार करता था. इसी बीच किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया. फिर आए दिन दोनों में कहासुनी होने लगी तो प्रेमिका ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर प्रेमी की हत्या करने की साजिश रची. फिर तय योजना के अनुसार, 11 मार्च को पहले उसकी हत्या की गई फिर उसकी लाश को सुनसान इलाके में फेंक दिया.
वहीं शव मिलने के 2 दिन बाद 13 मार्च को आलमनगर (रतवारा) में केस दर्ज कराया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. जिसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पुरैनी थाना क्षेत्र के तेरासी वार्ड संख्या 11 निवासी विजय साह की बेटी खुशबू कुमारी को अरेस्ट कर लिया. वहीं अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पूरे इलाके में छापेमारी कर रही है.
गिरफ्तारी के बाद खुशबू ने प्रेमी की हत्या की बात कबूल कर ली और बताया कि इस योजना में उसका दोस्त भी शामिल था. उन्होंने बताया कि उसके पास मेरी अश्लील फोटो और वीडियो थी. जब उसने मुझे किसी और के साथ बात करते हुए देख लिया तो वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी देने लगा. इसी वजह से हम लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी और उसकी लाश को सुनसान जगह पर फेंक दिया गया.