गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. पथवलिया कोतवाली क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की फावड़े से हत्या कर दी और अपनी पत्नी पर भी जानलेवा हमला किया. दावा किया जा रहा है कि आरोपी पति ने अपनी पत्नी को अपने दोस्त के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया था, जिसके बाद गुस्से में उसने यह खौफनाक कदम उठाया. हमले में दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल है और उसे लखनऊ रेफर किया गया है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: शराब के ठेके का विरोध कर मांगी रंगदारी, हिंदू महासभा के प्रवक्ता सहित 5 गिरफ्तार, 50 हजार वसूले
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पथवलिया कोतवाली क्षेत्र के रहने वाले रिजवान और सर्वेश नारायण पांडेय के बीच पुरानी दोस्ती थी. सर्वेश का रिजवान के घर नियमित आना-जाना था. इस दौरान सर्वेश की नजदीकी रिजवान की पत्नी माजिया के साथ बढ़ गई. कई बार दोनों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वे नहीं माने. रिश्तों में बढ़ती तनातनी के कारण रिजवान ने परिवार के साथ अयोध्या रोड पर जयपुरिया स्कूल के पास किराए का मकान ले लिया.
यह भी पढ़ें: फिरोजाबाद में सिपाही की धोखाधड़ी: शादी का झांसा देकर तलाकशुदा महिला से बनाए शारीरिक संबंध, मां भी थी साजिश में शामिल
इसी बीच सोमवार रात करीब नौ बजे रिजवान और माजिया खाना खाकर सो गए. आरोप है कि देर रात सर्वेश चोरी-छिपे उनके घर में घुस गया. आधी रात को जब रिजवान की नींद खुली, तो उसने अपनी पत्नी को सर्वेश के साथ आपत्तिजनक हालत में देख लिया. गुस्से में आकर रिजवान ने पास पड़े फावड़े से दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. सर्वेश पर कई बार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. माजिया भी गंभीर रूप से घायल हो गई. स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल माजिया को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया.
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पथवलिया कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की. पुलिस ने सर्वेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. आरोपी रिजवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने घटनास्थल से फावड़ा और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए हैं. प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रिजवान ने गुस्से में यह कदम उठाया, लेकिन पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. माजिया की मेडिकल रिपोर्ट और बयान भी जांच का हिस्सा होंगे.