लखनऊ : गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर गोरखपुर की सियासत में नया मोड़ आ गया है. भाजपा ने मौजूदा एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी को अपना प्रत्याशी घोषित किया है. टिकट के प्रमुख दावेदार रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी ने पार्टी के फैसले के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है.
टिकट कटने से नाराजगी इतनी बढ़ी कि नामांकन के लिए निकलने से पहले डॉ. संजयन त्रिपाठी ने अपनी कार से भाजपा का झंडा उतार दिया. उन्होंने समर्थकों के बीच कहा कि वह पिछली बार भी टिकट के दावेदार थे और टिकट नहीं मिलने के बावजूद करीब छह साल तक संगठन के लिए काम करते रहे. उन्होंने इसे भारी मन से उठाया गया कदम बताया.
डॉ. संजयन त्रिपाठी पेशे से शिक्षक हैं और नवल्स ग्रुप के चेयरमैन हैं. वह 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे. इससे पहले वह कांग्रेस से जुड़े रहे और हिंदू युवा वाहिनी से भी उनका जुड़ाव रहा. वह गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र से पहले भी चुनाव लड़ चुके हैं. 2017 में स्नातक एमएलसी चुनाव में वह भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ मैदान में थे और चुनाव हार गए थे₹
इस बार भाजपा ने तीन बार से इस शिक्षक सीट पर जीत दर्ज कर रहे ध्रुव कुमार त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाया है. उन्हें माध्यमिक शिक्षक संघ के शर्मा गुट के 17 जिलाध्यक्षों का समर्थन भी बताया गया है. ध्रुव त्रिपाठी का मौजूदा कार्यकाल 6 दिसंबर को खत्म हो रहा है.
वहीं, संजयन त्रिपाठी ने अपना ऐलान सिर्फ बयान तक सीमित नहीं रखा. एक अक्टूबर को उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चार सेट में नामांकन भी दाखिल कर दिया. उनके साथ एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी सत्यपाल सिंह ने भी पर्चा भरा. नामांकन की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है, जबकि मतदान 23 अक्टूबर और मतगणना 27 अक्टूबर को होगी.
टिकट विवाद के बीच संजयन का भाजपा का झंडा उतारना अब गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक सीट के चुनाव में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है. समर्थकों के बीच पार्टी के लिए किए गए वर्षों के काम का जिक्र करते हुए उनकी भावुकता भी सामने आई. अब मुकाबले में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी ध्रुव कुमार त्रिपाठी के सामने संजयन त्रिपाठी निर्दलीय चुनौती पेश करेंगे.