हनुमान चालीसा पढ़ते रहे कैप्टन स्मित, पीएम मोदी से बोले- हम जान लेने वाले नहीं, जान बचाने वाले हैं

Global Bharat 02 Oct 2026 02:50 PM 1 Mins
हनुमान चालीसा पढ़ते रहे कैप्टन स्मित, पीएम मोदी से बोले- हम जान लेने वाले नहीं, जान बचाने वाले हैं

नई दिल्ली : फ्लाई दुबई के जांबाज पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत ने हर किसी का ध्यान खींच लिया. विमान में जानलेवा संकट के दौरान यात्रियों की जिंदगी बचाने वाले स्मित से पीएम मोदी ने वीडियो कॉल पर बात की और उनके साहस को सलाम किया. मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके लिए प्रार्थना कर रहा है और उनकी हिम्मत, धैर्य और सूझबूझ ने कई जिंदगियां बचाने में अहम भूमिका निभाई.

बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि स्मित ने उस वक्त भी अपनी जान की चिंता नहीं की, जब वह खुद गंभीर खतरे में थे. पीएम ने कहा कि आज देश गर्व से कह सकता है कि हम हिंदुस्तानी जान लेने वाले नहीं हैं, जान बचाने वाले लोग हैं. पीएम की यह बात सुनकर कैप्टन स्मित अपने भावनाओं को संभालते नजर आए.

इसके बाद जब स्मित ने पीएम मोदी से बात की तो वह भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं और उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उनसे इस तरह बातचीत करने का मौका मिलेगा.

स्मित ने उस खौफनाक पल का जिक्र करते हुए बताया कि संकट के दौरान वह हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मुश्किल समय में उन्हें हनुमान जी से हिम्मत मिली और उनका विश्वास था कि हनुमान जी ने उन्हें बचाया.

दरअसल, दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में सह-पायलट के हमले के बाद विमान गंभीर संकट में फंस गया था. घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने सूझबूझ दिखाई, कॉकपिट का दरवाजा खुलवाने में सफलता हासिल की और यात्रियों को हमलावर को काबू करने का मौका मिला, इसके बाद विमान की आपात लैंडिंग कराई गई.

पीएम मोदी के सामने स्मित का भावुक होना और हनुमान चालीसा का जिक्र इस पूरी बातचीत का सबसे भावुक पल बन गया.

Captain Smit Hanuman Chalisa PM Modi Flydubai Pilot Life Saving Pilot

Description of the author

Recent News