तमिल-अंग्रेजी के बीच हिंदी की एंट्री पर बवाल, 2 इंजीनियर हुए सस्पेंड, हिंदी पर पोता गया पेंट

Global Bharat 02 Oct 2026 11:07 PM 1 Mins
तमिल-अंग्रेजी के बीच हिंदी की एंट्री पर बवाल, 2 इंजीनियर हुए सस्पेंड, हिंदी पर पोता गया पेंट

नई दिल्ली : तमिलनाडु में हाईवे के साइनबोर्ड पर हिंदी लिखे जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. तूतीकोरिन जिले के सत्तानकुलम-नाजरेथ स्टेट हाईवे-93 (SH-93) पर लगाए गए एक नए दिशा-सूचक बोर्ड में तमिल और अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी कस्बों के नाम लिखे गए थे.  मामला सामने आने के बाद तमिलनाडु सरकार ने दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच शुरू कर दी.

जानकारी के मुताबिक, सत्तानकुलम के पास लगाए गए बोर्ड पर तिरुनेलवेली, अलवरथिरुनगरी, तूतीकोरिन और तिरुचेंदूर जैसे स्थानों के नाम तमिल, हिंदी और अंग्रेजी में लिखे गए थे. सोशल मीडिया पर बोर्ड की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद इसको लेकर विवाद बढ़ गया, इसके बाद सरकार ने बोर्ड से हिंदी लिखावट तत्काल हटवा दी.

तमिलनाडु सरकार के अनुसार, राज्य की स्थापित दो-भाषा नीति के तहत सरकारी साइनबोर्ड में तमिल और अंग्रेजी का इस्तेमाल किया जाता है. सरकार ने कहा कि स्टेट हाईवे विभाग के बोर्ड पर हिंदी का इस्तेमाल इस नीति के अनुरूप नहीं था. मामले में जिम्मेदार माने गए हाईवे विभाग के असिस्टेंट डिविजनल इंजीनियर और असिस्टेंट इंजीनियर को अस्थायी रूप से सस्पेंड किया गया है. दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है.

जानकारी के अनुसार, संबंधित अधिकारियों ने साइनबोर्ड में हिंदी के इस्तेमाल की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी थी. सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसकी भाषा नीति के खिलाफ काम करने वाले अधिकारियों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी.

इस मामले ने तमिलनाडु की भाषा नीति को लेकर एक बार फिर बहस तेज कर दी है. राज्य में हिंदी के इस्तेमाल को लेकर पहले भी राजनीतिक और सामाजिक विवाद सामने आते रहे हैं.

Tamil Nadu Hindi Signboard Tamil Nadu Language Policy Tuticorin Highway State Highway 93 Two Engineers Suspended

Description of the author

Recent News