गोरखपुर : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में नीट के छात्र की पशु तस्करों द्वारा की गई निर्मम हत्या के बाद कार्रवाई हो रही है. चौकी प्रभारी सहित 6 पुलिस कर्मियों को निलंबित किया गया है. इसके साथ ही गंभीर धाराओं में पशु तस्करों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है. हत्यारोपी ने घटना को अंजाम देने के बाद दीपक के फ़ोन से फ़ोटो खींचकर व्हाट्सअप स्टेटस लगा दिया था. पुलिस के द्वारा फरार पशु तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई है. फिलहाल अभी तक किसी भी पशु तस्कर को गिरफ्तार नहीं किया जा सका है. मृतक की पीएम रिपोर्ट में गोली लगने की भी पुष्टि नहीं हुई है. बर्बरता पूर्वक पिटाई से सिर की छह हड्डियां टूट गई थी.
इस पूरे प्रकरण में पुलिस की लापरवाही के बाद कार्रवाई हुई है. चौकी प्रभारी ज्योति नारायण सिंह, एसआई सोना लाल, सुरेंद्र पाल, हेड कॉन्स्टेबल शाहिद, कॉन्स्टेबल सोहन राजभर व संदीप सहित अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है. देर रात्रि पहुंचे एडीजी लॉ एंड ऑर्डर अभिताभ यश ने बैठक की और क्राइम ब्रांच व सर्विलांस सहित एसटीएफ को भी सक्रिय कर दिया है. प्रकरण में सारे तेज-तर्रार अफसरों को लगाया गया है. दीपक के पिता की तहरीर पर हत्या, अपहरण, डकैती का प्रयास, पशु क्रूरता सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
स्टेटस लगाने के बाद भड़के ग्रामीण
पशु तस्करों ने दीपक का अपहरण करने के बाद न सिर्फ उसकी निर्मम हत्या की बल्कि उसके ही फ़ोन से खून से सना हुआ लाश की तस्वीर स्टेटस लगा दिया. इसके बाद ग्रामीण और भड़क गए और जमकर बवाल हुआ. बवाल को देखते हुए गांव में पूरी रात भारी पुलिस बल तैनात रही. शासन के द्वारा भी पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग की जा रही है. देर शाम पिता ने कांपते हुए अपने लाल को मुख्यग्नि दी, जहां पूरे गांव के लोगों की आंखें नम थी.
टूटी गई थी छह हड्डियां
दीपक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आया है. पीएम रिपोर्ट में दीपक की सिर कुंचकर हत्या की गई थी. दीपक के सिर के छह हड्डियां टूटे हुए मिले हैं. इसमें चार कपालीय और मध्य कान की हड्डियां शामिल है. अधिक खून के बह जाने से मौत की पुष्टि हुई है.