एक साल ड्यूटी से गायब, हाजिरी फिर भी बराबर! सपा के मंचों पर दिखा पुलिस का सिपाही, अब हुआ सस्पेंड

Global Bharat 02 Oct 2026 11:49 AM 1 Mins
एक साल ड्यूटी से गायब, हाजिरी फिर भी बराबर! सपा के मंचों पर दिखा पुलिस का सिपाही, अब हुआ सस्पेंड

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में डायल-112 में तैनात सिपाही श्याम सुंदर चौहान की कथित राजनीतिक सक्रियता और ड्यूटी से लंबे समय तक गैरहाजिर रहने का मामला सामने आया है. जानकारी के मुताबिक, श्याम सुंदर चौहान ने करीब एक साल तक ड्यूटी से दूरी बनाए रखी और इसी दौरान संतकबीर नगर की धनघटा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने की तैयारी शुरू कर दी.

बताया जा रहा है कि गोरखपुर में डायल-112 में तैनाती के दौरान वह लगातार क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय रहे. सोशल मीडिया पर उनकी पोस्ट में धनघटा विधानसभा क्षेत्र के लोगों को शुभकामनाएं देने से लेकर सपा के कार्यक्रमों और नेताओं से जुड़ी तस्वीरें शामिल हैं. एक पोस्ट में लाल टोपी के साथ लिखा गया कि लाल टोपी पहनकर चलो, समाजवाद संग आगे बढ़ो. सपा नेताओं के स्वागत से जुड़े पोस्टर और राजनीतिक कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी भी सामने आई है.

जानकारी के अनुसार, करीब तीन महीने पहले पुलिस अधिकारियों को उनके लंबे समय से ड्यूटी से गायब रहने की जानकारी मिली. इसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया. आरोप यह भी है कि अनुपस्थिति के दौरान उनकी हाजिरी दर्ज होती रही. हालांकि, हाजिरी किस स्तर पर और किस प्रक्रिया के तहत लगती रही, इस पर विभागीय स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है.

निलंबन के बाद विभाग की ओर से जवाब देने के लिए पुलिस लाइन में उपस्थित होने को कहा गया, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक वह वहां भी उपस्थित नहीं हुए. इससे मामला और गंभीर हो गया है.

श्याम सुंदर चौहान 1994 बैच के सिपाही बताए जा रहे हैं. वह अब तक करीब 11 जिलों में तैनात रह चुके हैं और वर्ष 2023 में कुशीनगर से तबादले के बाद गोरखपुर में डायल-112 में उनकी तैनाती हुई थी. इसी दौरान धनघटा क्षेत्र में उनकी राजनीतिक सक्रियता बढ़ने की बात सामने आई.

Gorakhpur Police Shyam Sundar Chauhan Dial 112 Constable Samajwadi Party UP Assembly Election 2027

Description of the author

Recent News