यूपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव: आराधना मिश्रा 'मोना' बनीं प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद कार्यकारी अध्यक्ष

Amanat Ansari 02 Oct 2026 09:47 PM 1 Mins
यूपी कांग्रेस में बड़ा बदलाव: आराधना मिश्रा 'मोना' बनीं प्रदेश अध्यक्ष, इमरान मसूद कार्यकारी अध्यक्ष

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा फेरबदल किया गया है. पार्टी नेतृत्व ने आराधना मिश्रा 'मोना' को यूपी कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्त किया है. इससे पहले अजय राय इस पद पर थे, जिनका कार्यकाल समाप्त हो गया. सहारनपुर सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है. साथ ही देवेंद्र निषाद महरा (गोरखपुर) और आलोक प्रसाद को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.

कांग्रेस ने इन नियुक्तियों में सोशल और जातीय समीकरणों का ध्यान रखा है. विधानसभा चुनाव से पहले ब्राह्मण, अल्पसंख्यक, पिछड़े और दलित समुदायों को प्रतिनिधित्व देने की कोशिश की गई है. पार्टी के नए यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी प्रदेश अध्यक्ष बदलने की मांग की थी.

आराधना मिश्रा प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से लगातार तीसरी बार विधायक हैं और यूपी विधानमंडल में कांग्रेस की नेता भी हैं. वह प्रियंका गांधी वाड्रा की करीबी मानी जाती हैं और 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' अभियान में सक्रिय रहीं. उनके पिता प्रमोद तिवारी राज्यसभा सांसद और विपक्ष के उपनेता हैं.

अध्यक्ष बनने के बाद आराधना मिश्रा ने महिलाओं की सुरक्षा और प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताई. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं को सिर्फ टिकट नहीं दिया, बल्कि उन्हें सशक्त भी बनाया है. इमरान मसूद 2024 लोकसभा चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन से सहारनपुर से जीते थे.

वे आक्रामक बयानों के लिए जाने जाते हैं. पार्टी ने अजय राय के योगदान की सराहना की है और चौधरी वीरेंद्र सिंह को विधायक दल का नेता भी नियुक्त किया है. अब यूपी कांग्रेस की नई टीम संगठन की जिम्मेदारी संभालेगी.

Recent News