लखनऊ : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बड़े बदलाव की अटकलें तेज हो गई हैं. सूत्रों के हवाले से खबर है कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की जगह रामपुर खास से विधायक और कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है. हालांकि, पार्टी की ओर से अभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है.
सूत्रों के मुताबिक, आराधना मिश्रा के साथ संगठन में कई कार्यकारी अध्यक्ष भी बनाए जाने की तैयारी है. अलग-अलग सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए नई टीम के गठन पर मंथन की बात सामने आ रही है. इससे पहले भी मीडिया में अध्यक्ष के साथ कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जताई गई थी.
इस बीच अजय राय के सहारनपुर दौरे को रद्द करने और दिल्ली से वाराणसी रवाना होने की खबर ने चर्चाओं को और हवा दे दी है. सबसे अहम बात यह है कि अजय राय और राहुल गांधी की हाल ही में मुलाकात हुई थी. सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात में राहुल गांधी ने अजय राय को भरोसा दिलाया कि वह उनके साथ हैं. इसी के बाद यह चर्चा भी शुरू हुई है कि प्रदेश अध्यक्ष पद से बदलाव होने की स्थिति में कांग्रेस संगठन में अजय राय को केंद्रीय स्तर पर कोई बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है.
आराधना मिश्रा लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय हैं और प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट का प्रतिनिधित्व करती हैं. वह 2014 के उपचुनाव के बाद 2017 और 2022 में भी इस सीट से विधायक चुनी गईं. उनके पिता प्रमोद तिवारी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद हैं.
यानी यूपी कांग्रेस में बदलाव की चर्चा के बीच फिलहाल दो तस्वीरें सामने है. आराधना मिश्रा के नाम पर मंथन और अजय राय की भूमिका को लेकर नया सस्पेंस. अंतिम फैसला कांग्रेस आलाकमान की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा.