गया: मोक्षनगरी गया में शुक्रवार को पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 का विधिवत उद्घाटन हो गया. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गया पहुंचे और सबसे पहले विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की. गर्भगृह में भगवान विष्णु के चरणचिह्न के दर्शन करने के बाद उन्होंने फल्गु नदी स्थित देवघाट का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
इसके बाद मुख्यमंत्री ने फीता काटकर पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 का औपचारिक शुभारंभ किया. मेला 25 सितंबर से 10 अक्टूबर तक चलेगा. इस दौरान देशभर से श्रद्धालु पूर्वजों के लिए पिंडदान, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान करने गया पहुंचते हैं.
देवघाट और टेंट सिटी का निरीक्षण
देवघाट पर मुख्यमंत्री ने साफ-सफाई, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं की जानकारी ली. मेला क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन और सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री गांधी मैदान स्थित टेंट सिटी पहुंचे, जहां 2500 श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था की गई है. उन्होंने वहां आवासन, पेयजल, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया.
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा, केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी, बेलागंज विधायक मनोरमा देवी समेत कई मंत्री, विधायक और पार्टी नेता मौजूद रहे. मेला क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटकर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की पुख्ता व्यवस्था की गई है. विष्णुपद मंदिर, देवघाट और पूरे मेला क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है. प्रशासन ने पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया है, ताकि श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो.