बांदा: रक्षक बनकर भक्षक बन जाने वाली घटना यूपी के बांदा जिले में सामने आई है. हाईकोर्ट के आदेश पर 15 साल पुराने चर्चित रेप कांड की पीड़िता की सुरक्षा में तैनात गनर ने ही युवती की अस्मत लूट ली. शादी का झांसा देकर कई महीनों तक शारीरिक संबंध बनाए, युवती गर्भवती हो गई और हाल ही में एक बच्चे को जन्म दिया, जिसकी मौत हो गई.
इसके बाद आरोपी गनर युवती को छोड़कर फरार हो गया. युवती ने सोमवार को बांदा के एसपी को शिकायती पत्र सौंपा. उसमें बताया कि नरैनी क्षेत्र के गांव की रहने वाली वह पीड़िता लंबे समय से एक सिपाही (गनर) की सुरक्षा में थी. गनर ने उसे बहलाकर शादी का भरोसा दिया और बार-बार शारीरिक संबंध बनाए. जब भी शादी की बात करती, आरोपी कोई न कोई बहाना बनाकर टाल जाता. इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई और बांदा मेडिकल कॉलेज में बच्चे को जन्म दिया, लेकिन नवजात की मौत हो गई.
बच्चे के जन्म के बाद गनर ने युवती को छोड़ दिया, उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया. युवती जब आरोपी के गांव गई तो वह नहीं मिला. 17 जुलाई को पुलिस लाइन पहुंचकर बात करने की कोशिश की तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी दी. युवती ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी के साथ भी मारपीट की है.
एसपी पलाश बंसल ने मामले को गंभीरता से लिया. आरोपी गनर को तुरंत ड्यूटी से हटा दिया गया और उसके स्थान पर नया गनर तैनात कर दिया गया. दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र बुलाया गया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है. यह घटना इसलिए ज्यादा चौंकाने वाली है क्योंकि सुरक्षा के लिए तैनात व्यक्ति ने ही पीड़िता का विश्वास तोड़कर उसके साथ धोखा किया.