पटना: गया के टेकारी इलाके में बुधवार शाम को हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के उम्मीदवार अनिल कुमार सिंह पर हमला हो गया. वे अपने क्षेत्र में प्रचार कर रहे थे. गांववालों ने उन पर पत्थर फेंके, जिससे उनका बायां हाथ टूट गया और सिर पर चोट लगी. उनकी गाड़ियों को तोड़ा गया. कई समर्थक भी घायल हो गए.
अनिल कुमार कोच थाने के अंतर्गत दिघौरा गांव में दोपहर 4 बजे प्रचार करने गए थे. वहां कुछ लोग सड़क निर्माण के बारे में सवाल करने लगे. बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया. लोग नारे लगाने लगे. समर्थकों ने शांत करने की कोशिश की, लेकिन झगड़ा हो गया और अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई. भीड़ ने अनिल कुमार और उनके साथियों का पीछा किया. वे भागते हुए गांव से बाहर निकले.
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और हालात काबू में किए. इलाके में पुलिस कैंप बना दिया गया. हमलावरों की तलाश चल रही है. अनिल कुमार को पुलिस सुरक्षा में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. कई समर्थक भी घायल हैं.