हरियाणा BJP ने विधानसभा चुनाव की तारीख में बदलाव का किया अनुरोध, चुनाव आयोग को लिखा पत्र

Global Bharat 24 Aug 2024 07:58: PM 1 Mins
हरियाणा BJP ने विधानसभा चुनाव की तारीख में बदलाव का किया अनुरोध, चुनाव आयोग को लिखा पत्र

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने चुनाव आयोग से 1 अक्टूबर 2024 को होने वाले विधानसभा चुनाव को स्थगित करने का अनुरोध किया है. इसे लेकर BJP ने लंबी छुट्टी का हवाला दिया है. भाजपा ने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर एक अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव को कुछ समय के लिए टालने की मांग की है. इसे लेकर पार्टी की तरफ से कहा गया है कि लंबी छुटी के कारण मतदान प्रतिशत कम हो सकता है.

शनिवार को हरियाणा भाजपा के एक नेता ने बताया कि बीजेपी राज्य इकाई के प्रमुख ने चुनाव आयोग को पत्र लिखा है. वहीं इसकी पुष्टि हरियाणा के मुख्य चुनाव आयुक्त ने भी की है. उन्होंने कहा कि आयोग को ईमेल के माध्यम से पत्र की प्राप्ति हुई है. उन्होंने कहा कि हमें पत्र मिल गया है और हमने इसपर निर्णय लेने के लिए भारतीय निर्वाचन आयोग को भेज दिया है.

इसी बीच BJP राज्य प्रबंधन समिति के सदस्य वरिंदर गर्ग ने कहा है कि हमने तर्क दिया है कि 1 अक्टूबर को विधानसभा चुनाव की तारीख से पहले और बाद में काफी छुट्टियां हैं, जिससे कम मतदान हो सकता है, क्योंकि लंबी छुट्टी होने के कारण लोग बाहर घूमने चले जाते हैं. गर्ग ने कहा कि BJP ने इस संबंध में चुनाव आयोग को पत्र लिखा है. उन्होंने कहा कि बेहतर मतदान के लिए 1 अक्टूबर के बाद की कोई नई तारीख ठीक रहेगी.

गर्ग ने कहा कि शनिवार को काफी लोगों का अवकाश रहता है, जबकि रविवार को भी छुट्टी रहती है. वहीं एक अक्टूबर को चुनाव के कारण भी छुट्टी रहेगी. साथ ही 2 और 3 अक्टूबर को भी छुट्टी है. बता दें कि पिछली बार हरियाणा में 21 अक्टूबर 2019 को वोट डाले गए थे और नतीजों का ऐलान 24 अक्टूबर को हुआ था. चुनाव में BJP को सबसे ज्यादा 40 सीटें मिली थी. वहीं कांग्रेस ने 31 सीटों पर कब्जा जमाया था और जेजेपी को 10 सीट प्राप्त हुई थी. नतीजों के बाद भाजपा ने जेजेपी के सहयोग से राज्य में सरकार बना ली थी.

Recent News