नई दिल्ली: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर के पास दाहिसरा गांव में यमुना नदी के घाट का दौरा किया. उन्होंने यमुना नदी में पूजन कर पवित्र जल का आचमन किया और बेझिझक पानी पीकर इसकी शुद्धता का प्रमाण दिया. हरियाणा के दहिसरा गांव के समीप से यमुना दिल्ली में प्रवेश करती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि झूठ और भ्रम फैलाना दिल्ली के पूर्व सीएम और आप नेता अरविंद केजरीवाल की पुरानी फितरत है.

पिछले 10 साल में काम करने के बजाए वे अब लोगों को झूठ बोलकर डरा रहे हैं. उन्होंने केजरीवाल से झूठे बयान के लिए दिल्ली और हरियाणा के लोगों से माफ़ी मांगने की भी मांग की. इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा लिए गए सैंपल की एक रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जिससे केजरीवाल का झूठ बेनकाब हो गया, रिपोर्ट में साफ हुआ कि हरियाणा सीमा पर यमुना का जल पूरी तरह मानकों पर खरा है.

सीएम सैनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो भी शेयर किया है. 24 सेकंड के इस वीडियो में सीएम नायब सैनी यमुना नदी का पानी पीते हुए नजर आ रहे हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि बेहिचक और बेझिझक पवित्र यमुना के जल का आचमन किया, हरियाणा की सीमा पर. आतिशी जी तो आई नहीं. कोई नया झूठ रच रही होंगी. झूठ के पांव नहीं होते. इसलिए आप-दा का झूठ चल नहीं पा रहा.

दिल्ली की देवतुल्य जनता इन फरेबियों को पहचान चुकी है. 5 फरवरी को आप-दा के फरेब काल का अंत निश्चित है. दिल्ली के लोग हरियाणा के कपूत केजरीवाल को सजा देंगे क्योंकि हमारा भाईचारा सदियों से मजबूत है. इससे पहले सीएम सैनी ने एक्स पर सीएम आतिशी के पोस्ट का जवाब देते हुए लिखा था, ''आप-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है.

हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो जहर नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जहर जरूर भरा हुआ है. कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं.