पंजाब के बाद हरियाणा कांग्रेस की रार आई सामने! मंच पर भिड़े हुड्डा और सुरजेवाला!

Rahul Jadaun 09 Jul 2026 12:29: PM 2 Mins
पंजाब के बाद हरियाणा कांग्रेस की रार आई सामने! मंच पर भिड़े हुड्डा और सुरजेवाला!

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस में पूर्व सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के बीच चल रही सियासी खींचतान की खबरें अभी थमी भी नहीं थीं कि अब पड़ोसी राज्य हरियाणा से कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर मंच पर आ गई है। हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी के स्वागत समारोह में पार्टी की गुटबाजी उस वक्त साफ नजर आई, जब दिग्गज नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और रणदीप सिंह सुरजेवाला इशारों-इशारों में एक-दूसरे पर तीखे तंज कसते नजर आए।

चंडीगढ़ में नए प्रभारी के सामने शक्ति प्रदर्शन

बुधवार को हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजय सतीश चंद्रन दत्त चंडीगढ़ स्थित हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर पहुंचे थे। यह मौका एकजुटता दिखाने का था। मंच पर कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता मौजूद थे, जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, बीरेन्द्र सिंह के अलावा हरियाणा कांग्रेस के तमाम विधायक, सांसद और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल थे। कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और आगामी चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरना था, लेकिन माहौल तब बदल गया जब नेताओं ने एक-दूसरे पर सियासी तीर छोड़ने शुरू कर दिए।

सुरजेवाला ने उठाए कड़वे सवाल- '56 साल में सिर्फ 3 चुनाव क्यों जीते?'

मंच से संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने पार्टी की लगातार हो रही हार पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिना सत्ता में आए कोई भी सामाजिक बदलाव संभव नहीं है। मंच से कड़वी सच्चाई बयान करते हुए सुरजेवाला ने कहा कि यह स्वीकार करना होगा कि पिछले 56 सालों में कांग्रेस ने सिर्फ तीन चुनाव जीते हैं।

उन्होंने दीपेंद्र सिंह हुड्डा का अप्रत्यक्ष रूप से जिक्र करते हुए कहा कि हमें इस बात की समीक्षा करनी होगी कि सिर्फ वोट शेयर बढ़ने से कुछ नहीं होता, हमें 46 विधायकों के बहुमत के आंकड़े तक पहुंचना होगा। इस बयान को सीधे तौर पर हुड्डा खेमे पर सुरजेवाला के तंज के रूप में देखा गया।

मंच पर हुड्डा और सुरजेवाला की सीधी बहस

सुरजेवाला के इस बयान के बाद जब पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोलने के लिए माइक पर आए, तो उन्होंने भी पलटवार करने में देरी नहीं की। हुड्डा ने सुरजेवाला के उस बयान की याद दिलाई जिसमें उन्होंने आशीर्वाद मांगा था और भरे मंच से कहा:

"रणदीप सिंह सुरजेवाला तू मेरा साथ देदे फेर देख धमाका"

हुड्डा की इस बात पर पूरे हॉल में हंसी गूंज उठी, लेकिन मंच पर बैठे रणदीप सुरजेवाला ने भी तुरंत माइक संभाला और बिना किसी देरी के पलटवार करते हुए कहा:

"मेरे को 20 साल हो गए आपका साथ देते हुए, अब आपकी बारी आ गई है मेरा साथ देने की हुड्डा साहब"

गुटबाजी का खामियाजा भुगत रही है कांग्रेस

मंच पर दोनों नेताओं के बीच मजाकिया लहजे में हुई यह बयानबाजी दरअसल हरियाणा कांग्रेस के भीतर सुलग रही गहरी गुटबाजी का ही नतीजा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और रणदीप सुरजेवाला के बीच की यही आपसी खींचतान 2024 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की हार का बड़ा कारण मानी गई थी। चुनाव में हार के बावजूद पार्टी के अंदर हालात सुधरे नहीं हैं, जिसका सबसे बड़ा प्रमाण यह है कि पार्टी लंबे समय से अपना नेता प्रतिपक्ष तक तय नहीं कर पाई है। नए प्रभारी संजय दत्त के सामने हुए इस 'तंज-युद्ध' ने साफ कर दिया है कि हरियाणा कांग्रेस में 'ऑल इज वेल' नहीं है।

#haryana news #haryana congress #breaking news #political news

Recent News