यूपी के गोरखपुर में गैस एजेंसी पर भारी जुर्माना, रातभर मच्छरदानी लगाकर इंतजार करने वाली घटना का असर

Amanat Ansari 23 May 2026 12:47: PM 1 Mins
यूपी के गोरखपुर में गैस एजेंसी पर भारी जुर्माना, रातभर मच्छरदानी लगाकर इंतजार करने वाली घटना का असर

Gorakhpur Gas Agency Video: गोरखपुर में एक गैस एजेंसी की लापरवाही और उपभोक्ताओं के साथ बदसलूकी के चलते अब बड़ी कार्रवाई हुई है. भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित गंगा गैस सर्विस पर 33 लाख रुपए का जुर्माना लगा दिया है. पिछले कुछ दिनों में इस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेने के लिए भारी भीड़ जुट रही थी.

व्यवस्था इतनी खराब हो गई थी कि कई लोगों को पूरे रात एजेंसी के बाहर मच्छरदानी लगाकर सोना पड़ा. इस अव्यवस्था की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिसके बाद पूरे जिले में चर्चा छा गई. जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया और एजेंसी को सख्त चेतावनी दी कि अगर दोबारा ऐसी स्थिति बनी तो कानूनी कार्रवाई होगी.

चेतावनी के बाद BPCL कंपनी ने तुरंत संज्ञान लिया और जांच के बाद एजेंसी की कई गलतियों को सही पाया. जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह ने इस कार्रवाई की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को परेशान करने और नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

इस घटना के बाद गोरखपुर के अन्य गैस एजेंसियों में भी हड़कंप मच गया है. प्रशासन ने साफ संदेश दे दिया है कि आम लोगों के अधिकारों से कोई भी खिलवाड़ नहीं चलेगा. यह कार्रवाई उपभोक्ता हित में की गई है और उम्मीद है कि इससे गैस वितरण व्यवस्था में सुधार आएगा.

Gorakhpur Ganga Gas Agency BPCL fine Ganga Gas Service Gorakhpur Gas Agency News

Recent News